आडवाणी के बहाने मोदी जेटली से इस्तीफा चाहते हैं?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डीडीसीए में हुए कथित घोटालों पर पहली बार बोलते हुए वित्तमंत्री अरुण जेटली का बचाव किया है। संसद भवन में हुई भाजपा संसदीय दल की बैठक में उन्होंने कहा कि अरुण जेटली भी वैसे ही बेदाग साबित होंगे, जैसे हवाला मामले में लाल कृष्ण आडवाणी हुए थे। संसदीय दल की बैठक में लालकृष्ण आडवाणी समेत भाजपा के सभी वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
संसद परिसर में केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने लालकृष्ण आडवाणी का जिक्र करते हुए कहा कि वे हवाला के आरोपों से बेदाग साबित हुए थे। वित्तमंत्री अरुण जेटली भी उसी प्रकार जल्द ही उन सभी आरोपों से, जो उन पर लगाए जा रहे हैं, बेदाग साबित होंगे। मोदी ने कहा कि जेटली की ईमानदारी और निष्ठा पर किसी को शक नहीं है। उन पर लग रहे सभी आरोप निराधार हैं।
प्रधानमंत्री मोदी का ये बयान जेटली पर आम आदमी पार्टी द्वारा लगाए गए आरोपों के छह दिन बाद आया है। आप ने पिछले हफ्ते आरोप लगाया था कि जेटली के डीडीसीए का अध्यक्ष रहते हुए स्टेडियम निर्माण में घोटाला हुआ था।
आडवाणी ने आरोप लगने पर दे दिया था इस्तीफा
जेटली के बचाव में आडवाणी के जिक्र ने भी कई सवाल उठा दिए। आम आदमी पार्टी के नेता आशीष खेतान ने ट्वीट किया कि आडवाणी ने हवाला आरोपों के बाद इस्तीफा दे दिया था और जब तक बेदाग साबित नहीं हुए संसद में पैर नहीं रखा। क्या प्रधानमंत्री का मतलब ये है कि जेटली भी ऐसा ही करेंगे?
उल्लेखनीय है कि 90 के दशक में 18 मिलियन डॉलर की रिश्वतखोरी के एक केस में पुलिस ने कई हवाला दलालों पर छापा मारा था। मामले की जांच में कई नेताओं पर हवाला के जरिए रकम पाने का आरोप लगा। लालकृष्ण आडवाणी का नाम भी उसमें शामिल था। 1998 में उन्हें इस मामले में आरोपी बनाया गया, जिसके बाद उन्होंने लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। हालांकि सीबीआई की जांच में उनके खिलाफ सबूत नहीं मिले और वे बरी हो गए।
आप नेताओं के बाद जेटली के खिलाफ सबसे तगड़ा मोर्चा भाजपा के ही सांसद कीर्ति आजाद ने खोल रखा है। ऐसे में माना जा रहा है कि आडवाणी का जिक्र कर उन्होंने आलाकमान से अंसतुष्ट नेताओं को संकेत दिया है। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने भी सोमवार को बयान जारी कर जेटली का बचाव किया था।
खेतान का ट्वीट-
Advani resigned as an MP & didn't enter Parliament until his name was cleared. PM means that Jaitley shd do the same https://t.co/3h2i47qudL
— Ashish Khetan (@AashishKhetan) December 22, 2015
जेटली के खिलाफ लगातार हमलावर हैं कीर्ति आजाद
जेटली ने सोमवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत आप के छह नेताओं पर मानहानि का मुकदमा दर्ज किया। उस समय भी कीर्ति आजाद ने ट्विटर पर कहा कि उन्हें इस बात का बेहद दुख है कि उनके खिलाफ मानहानि का मामला दर्ज नहीं कराया गया। वह भी तब जब डीडीसीए में भ्रष्टाचार के मामले को सबसे पहले उन्होंने ही उठाया था। मुझे उम्मीद थी कि इस मामले को सबसे पहले उठाने के कारण मेरे खिलाफ भी मानहानि का मामला दर्ज होगा।
कीर्ति ने लोकसभा में जेटली की ओर से कांग्रेस पर किए गए पलटवार पर भी सवाल उठाया। लोकसभा में अपने बचाव में जेटली ने कहा था कि कांग्रेस ने एक स्टेडियम के पुनरुद्घार पर ही 900 करोड़ खर्च कर डाले, जबकि उन्होंने 42000 दर्शकों की क्षमता वाले स्टेडियम का निर्माण महज 114 करोड़ में ही करा दिया।
इस पर कीर्ति ने कहा कि यह ठीक है कि स्टेडियम 114 करोड़ में बना, मगर इसके साथ यह भी देखा जाना चाहिए कि उस स्टेडियम की आज क्या हालत है। उन्होंने डीडीसीए में हुए भ्रष्टाचार की सीबीआई से जांच कराने की मांग की।