अभी से मिशन 2019 में जुटी मोदी-शाह की जोड़ी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की जोड़ी 2019 के लोकसभा चुनाव के मिशन में जुट गई है। 10 करोड़ प्राथमिक सदस्य बनाने के लक्ष्य को हासिल करने के बाद अब मोदी और शाह की जोड़ी का पूरा जोर देशव्यापी जनसंपर्क पर है।
शाह ने जनसंपर्क अभियान का जिम्मा सरोज पांडे और भूपेंद्र यादव को सौंपा है। इनके साथ में सह संगठन मंत्री बी एल संतोष बतौर टीम के रूप में कार्य करेंगे।
शाह ने इन तीनों नेताओं के साथ बैठक कर इन्हें नई जिम्मेदारी से अवगत करा दिया है। बताया जा रहा है कि पीएम मोदी और शाह की रणनीति भाजपा के बनाए जा रहे सदस्यों को अपने वोट बैंक के रूप में पुख्ता करने की है। इसके लिए उन्होंने जनसंपर्क पर जोर देने की योजना बनाई है।
हर सदस्य को भेजा जाएगा पत्र
भाजपा का प्राथमिक सदस्य बनकर बतौर पार्टी से जुड़ने वाले 10 करोड़ लोगों को पार्टी लंबे समय तक अपने साथ जोड़े रखना चाहती है।
सूत्रों के अनुसार प्राथमिक सदस्यों के साथ अपना लंबा जुड़ाव रखने के लिए पार्टी आलाकमान की ओर से एक किट बैग तैयार कराया जा रहा है, जिसे भाजपा का प्राथमिक सदस्य बनने वाले हर व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास है।
इस किट बैग में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लिखी चिट्ठी के अलावा भाजपा अध्यक्ष अमित शाह का भी पत्र रहेगा। इसके अलावा हर प्राथमिक सदस्य को एक पहचान पत्र जारी किया जाएगा।