आईपीएल पर प्रीति जिंटा ने किया अहम खुलासा, पर सबूत नहीं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आईपीएल टीम किंग्स इलेवन पंजाब की को-ऑनर प्रीति जिंटा ने इस महीने हुई आईपीएल वर्किंग ग्रुप कमेटी की बैठक में अधिकारियों के समक्ष अहम खुलासे किए हैं। उन्होंने शक जताया कि उनकी टीम के कुछ खिलाड़ी संदिग्ध गतिविधियों में शामिल हो सकते हैं। हालांकि उनके पास इसको लेकर कोई ठोस सबूत नहीं है।
उन्होंने आगे आशंका जताते हुए कहा कि बीसीसीआई की की एंटी करप्शन टीम इस मामले को प्रभावी रूप से काबू करने में नाकाम रही है। इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक 8 अगस्त को हुई वर्किंग कमेटी की बैठक में जिंटा ये खुलासे किए।
प्रीति जिंटा ने बताया कि उन्होंने आईपीएल मैच के दौरान कई संदिग्ध गतिविधियों को देखा था लेकिन उनके पास कोई सबूत नहीं होने की वजह से उन्होंने इसका खुलासा नहीं किया। उन्होंने इशारा करते हुए कहा कि आईपीएल के कई मैच पहले से निर्धारित तरीके पर कराए जा रहे थे।
बोर्ड के कई अधिकारियों के समक्ष खुलासा
प्रीति ने जिस मीटिंग में ये खुलासे किए उसमें बोर्ड से कई बड़े नाम शामिल थे। इनमें आईपीएल के चेयरमैन राजीव शुक्ला, बीसीआईआई सचिव अनुराग ठाकुर, बीसीसीआई कोषाध्यक्ष अनिरुद्ध चौधरी और भारतीय टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली भी मौजूद थे।
बीसीसीआई ने 21 जुलाई को आईपीएल 9 का रोडमैप तैयार करने के लिए इस ग्रुप का गठन किया था। आईपीएल में भ्रष्टाचार पर जस्टिस आरएम लोढ़ा कमिटी की रिपोर्ट और दो टीमों चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स को दो साल के लिए आईपीएल से सस्पेंड करने के निर्देश के बाद गठित किया गया।
हालांकि प्रीति के खुलासे पर आईपीएल चेयरमैन राजीव शुक्ला और बीसीसीआई सचिव अनुराग ठाकुर ने कुछ भी टिप्पणी नहीं की है। इस बीच इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक उन्होंने करीब एक हफ्ते से ज्यादा समय तक इस मामले में किंग्स इलेवन पंजाब के मैनेजमेंट के जरिए प्रीति जिंटा से संपर्क साधने की कोशिश की लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। हालांकि टीम मैनेजमेंट ने बताया कि प्रीति से संपर्क नहीं किया जा सकता क्योंकि वह यात्रा पर हैं।