जोशी ने मोदी सरकार के मंत्रियों का उड़ाया मजाक
भारतीय जनता पार्टी में हाशिये पर डाल दिए गए वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी ने सोमवार को पटना में आयोजित एक कार्यक्रम में सहयोगी नेताओं की खूब चुटकी ली।
पार्टी के दिवंगत नेता कैलाशपति मिश्र की दूसरी पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में जोशी ने राजग सरकार में पेट्रोलियम मंत्रालय संभाल रहे धमेंद्र प्रधान पर टिप्पणी की कि प्रधान के पास ऐसा मंत्रालय है कि वे जब चाहें, आप का चुल्हा बुझा दें। उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल के दाम कम हुए हैं। गैस के भी हों तो अच्छा है।
अपनी पार्टी के प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन की चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा, 'शाहनवाज जी हमारे प्रवक्ता हैं, लेकिन वे गंभीर बातें भी ऐसा मुंह बनाकर कहते हैँ कि हंसी आ जाती है।'
जोशी लोकसभा चुनाव में शाहनवाज हुसैन की हार का जिक्र कर कहा कि शाहनवाज जी का नाम शाहनवाज है, लेकिन उन्हें गरीबनवाज होना चाहिए और वे अगली बार भी चुनाव हार गए तो गरीबनवाज ही नहीं गरीब भी हो जाएंगे।
कार्यक्रम में मोदी सरकार के कई मंत्री
भाजपा के वरिष्ठ नेता कैलाशपति मिश्र की दूसरी पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में मुरली मनोहर जोशी, केंद्रीय कृषिमंत्री राधामोहन सिंह, कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद, पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, और सुशील मोदी समेत कई नेताओं ने शिरकत की।
कार्यक्रम में जोशी व अन्य नेताओं ने बिहार में भाजपा की सरकार बनाने का संकल्प लिया। जोशी ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य बिहार में सिर्फ सरकार बनना नहीं, बल्कि जनाता के हितों का ध्यान में रखने वाली सरकार बनाना है। कार्यक्रम में अन्य नेताओं ने भी अपने विचार रखे।
उल्लेखनीय है कि कैलाशपति मिश्र लंबे समय तक भाजपा के उपाध्यक्ष रहे थे। राजग की पिछली सरकार में उन्हें गुजरात का राज्यपाल भी नियुक्त किया गया था।