भागवत से मिले जोशी, लगाई दरकिनार न करने की गुहार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वरिष्ठ भाजपा नेता मुरली मनोहर जोशी ने बुधवार को राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत से मुलाकात की। माना जा रहा है कि जोशी ने पार्टी में अपने जैसे साइड लाइन नेताओं की नई सरकार में सम्मानजनक स्थिति पर चर्चा की।
सूत्रों का कहना है कि मुलाकात के दौरान जोशी ने भागवत से केंद्र में बनने वाली संभावित एनडीए सरकार में वरिष्ठ पार्टी नेताओं को उनके कद के हिसाब से सम्मान और पद दिया जाना सुनिश्चित करने की मांग की।
सरकार बनने के बाद साइड न लगाने की गुहार
एनडीए शासन में मानव संसाधन विकास मंत्री रहे जोशी हाल ही में मोदी की लहर को नकारने को लेकर चर्चा में रहे। भाजपा के पीएम उम्मीदवार मोदी की वजह से जोशी को उत्तर प्रदेश की वाराणसी सीट छोड़कर कानपुर से चुनाव लड़ने पर मजबूर होना पड़ा था।
जोशी के अलावा पार्टी में लालकृष्ण आडवाणी, सुषमा स्वराज भी खुद को साइड लाइन किए जाने से नाराज बताए जाते हैं। पार्टी में अपनी अनदेखी से दुखी होकर वरिष्ठ नेता जसवंत सिंह पार्टी ही छोड़ कर जा चुके हैं।
न हो जसवंत सिंह जैसी हालत
सिंह ने राजस्थान की बाड़मेर लोकसभा सीट से टिकट मांगा था लेकिन पार्टी ने टिकट देने से इनकार कर दिया। इससे दुखी होकर जसवंत ने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा।
इसी तरह आडवाणी भी गुजरात की अपनी परंपरागत गांधीनगर सीट की बजाय मध्य प्रदेश के भोपाल से चुनाव लड़ना चाहते थे। उनकी भी यह इच्छा पूरी नहीं हो सकी। भाजपा मैनिफेस्टो कमेटी के प्रमुख जोशी ने वरिष्ठ संघ नेताओं की मौजूदगी में भागवत से मुलाकात की।
सरकार बनी तो मिले सम्मानजनक पद
उन्होंने चुनाव में भाजपा और उसके सहयोगी दलों की सीटों की संख्या समेत अन्य मसलों को लेकर विचार विमर्श किया।
सूत्रों के अनुसार, जोशी ने भागवत से कहा कि पार्टी के प्रति वरिष्ठ नेताओं के योगदान को देखते हुए भाजपा के सत्ता में आने की स्थिति में उनकी अहमियत को बरकरार रखा जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि नई सरकार में वरिष्ठ नेताओं को सम्मानजनक पद भी दिए जाएं।