ISIS में शामिल मुंबई के युवक की इराक में मौत
मुंबई से सटे ठाणे जिले के कल्याण से इराक जाकर इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक एंड सीरिया (आईएसआईएस) में शामिल हुए चार युवकों में से एक की मौत हो गई है। इस्लामिक स्टेट से संबंधित एक वेबसाइट में आरिफ माजिद के मारे जाने की पुष्टि हुई है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इराक में आतंकवादी बने साहिम तनकी ने फहद मकबूल के चाचा इफ्तियार खान को फोन पर माजिद के मारे जाने की सूचना दी है। एटीएस के पास भी यही जानकारी है। खबर है कि आरिफ माजिद ने इराक में एक फलस्तीनी युवती से शादी भी कर ली थी।
उसके बाद वह संगठन के काम से सीरिया के रक्का प्रांत गया था, जहां उसकी मौत हो गई। साहिम तनकी ने इफ्तियार खान को माजिद की मृत्यु की खबर देने के साथ इसे फेसबुक पर भी अपडेट किया है।
30 यात्रियों का जत्था इराक गया था
माजिद वही लापता युवक है, जिसने अपने घर पत्र लिखा था कि वह जिहाद के लिए इराक जा रहा है और अब उनकी मुलाकात जन्नत (स्वर्ग) में होगी। बीते 25 मई को मुंबई से 30 यात्रियों का जत्था इराक गया था, जिसमें से चार युवक वापस नहीं लौटे।
इसके बाद माजिद के पत्र से पता चला कि चारों युवक आईएसआईएस में शामिल हो गए हैं। माजिद के अलावा साहिम तनकी, फहद मकबूल और अमन तांडेल भी जिहाद के लिए लड़ने गए हैं।
मुंबई से चार युवकों के जिहादी बनने की खबर के बाद मुंबई पुलिस में हड़कंप मच गया था। पुलिस ने 14 जुलाई को लापता युवकों के घर से लैपटॉप और पेन ड्राइव जब्त कर जांच शुरू कर दी थी।
इंजीनियरिंग का छात्र था माजिद
आरिफ माजिद इंजीनियरिंग का छात्र था और उसके पिता पेशे से डॉक्टर हैं।
आतंकवाद की राह पर निकले ये भारतीय युवक पुलिस के लिए सिरदर्द बने हुए हैं। 18 जुलाई को आरिफ के पिता एजाज माजिद ने गृहमंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात कर बेटे को जिहाद के लिए उकसाने वालों पर कार्रवाई की मांग की थी।
इराक और सीरिया में इस्लामिक स्टेट की ओर से जिहाद के नाम पर लड़ रहे आतंकियों में भारत ही नहीं कई देशों के युवक शामिल हैं। अमेरिका, ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों के युवक भी इन आतंकियों में शामिल हैं।
इराक में आईएसआईएस के लिए लड़ रहे एक अमेरिकी के मारे जाने की भी पुष्टि हुई है।