हमारे मुल्क में भी बनेगी बुर्ज खलीफा जैसी इमारत
बुर्ज खलीफा जैसी इमारत जल्द ही भारत में भी होगी। मुंबई के एक बिल्डर ने गुजरात के शहर सूरत में दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बनाने की योजना बनाई है।
ये तय नहीं है कि इमारत कब तक बनेगी, हालांकि इसका प्रस्ताव गुजरात इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट बोर्ड को भेज दिया गया है। वैसे तेलंगाना सरकार भी भारत में दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बनाने पर विचार कर रही है।
नवंबर महीने में सरकार इस आशय का एक प्रस्ताव भी पास कर चुकी है। दुबई की मशहूर इमारत बुर्ज खलीफा फिलहाल दुनिया की सबसे ऊंची इमारत है, जिसकी ऊंचाई 830 मीटर है। बुर्ज खलीफा में 163 तल हैं।
निर्माण के लिए 1200 करोड़ रुपए की जरूरत
मुंबई के रीयल इस्टेट डेवलपर हरिहर महापात्रा ने सूरत में दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बनाने की योजना बनाई है। ये इमारत 1200 मीटर ऊंची होगी। ये लंबाई बुर्ज खलीफा से 370 मीटर ज्यादा होगी।
टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक सूरत के कलेक्टर राजेंदर कुमार से बातचीत के बाद प्रस्ताव को गुजरात इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट बोर्ड को भेज दिया गया है।
तेलंगाना सरकार भी बनाना चाहती है सबसे ऊंची इमारत
नवंबर महीने में तेलंगाना सरकार ने भी हैदराबाद में दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बनाने का फैसला किया था। उस समय सरकार ने हैदराबाद स्थित हुसैन सागर के इर्दगिर्द बुर्ज खलीफा से ऊंची इमारत और कई अन्य ऊंची इमारतों के निर्माण का फैसला किया था।
तेलंगाना की सरकार हैदारबाद को मलेशिया का राजधानी कुआलालंपुर की तर्ज पर विकसित करना चाहती है। उस प्रोजेक्ट की तहत ही हुसैन सागर झील के इर्दगिर्द नेकलेस की शक्ल में इमारतों के निर्माण की योजना बनाई गई है।
माना जा रहा है कि ऐसी इमारतों के निर्माण के लिए पर्यावरण विभाग के साथ ही एयरपोर्ट प्राधिकरण की इजाजत की आवश्यकता भी पड़ेगी।