वैदिक से मुलाकात पर क्या बोला हाफिज?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मोस्ट वांटेड आतंकी हाफिज सईद और वेद प्रताप वैदिक की मुलाकात को लेकर सियासी घमासान लगातार बढ़ता जा रहा है। कांग्रेस ने इस मुद्दे को संसद में उठाया। जिस पर सरकार को सफाई देने के लिए आगे आना पड़ा।
दूसरी ओर से वैदिक की आतंकी हाफिज सईद से मुलाकात के बाद भारत में मचे हंगामे पर हाफिज सईद ने सवाल खड़े किए हैं। हाफिज ने ट्वीट करके कहा, "हमारी मुलाकात पर भारत में हंगामा होना शर्मनाक है।"
साथ ही उसने इस मामले को संसद में उठाए जाने पर भी हैरानी जताई है। हाफिज ने लिखा है, "इस मुद्दे पर संसद में हंगामा होना संकीर्ण मानसिकता को दर्शाता है।"
कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा
वहीं आनंद कुमार ने भी इस मामले को उठाते हुए वरिष्ठ पत्रकार वेद प्रताप वैदिक को गिरफ्तार करने की मांग की है। इस मामले में सरकार की ओर से जवाब देते हुए वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कहा कि इस मामले का भारत सरकार से कोई लेना देना नहीं है।
जेटली ने कहा कि यह एक पत्रकार की किसी व्यक्तिगत से मुलाकात का मसला है।
सईद से वैदिक ने की मुलाकात
वरिष्ठ पत्रकार वेद प्रताप वैदिक की पाकिस्तान यात्रा के दौरान मुंबई हमले के मास्टर माइंड और आतंकी हाफिज सईद से मुलाकात करने पर बवाल मच गया है।
सोशल मीडिया पर सईद के साथ उनकी तस्वीरें सामने आने के बाद इस मुलाकात पर विवाद खड़ा हो गया है। हालांकि उन्होंने सफाई दी है कि उन्होंने बतौर पत्रकार यह मुलाकात की और इसमें कुछ भी गलत नहीं है।
वैदिक का यह भी कहना है कि मुलाकात की तस्वीर उन्होंने खुद सोशल मीडिया पर डाली थी। वैदिक ने अपनी पाकिस्तान यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नवाज शरीफ से भी मुलाकात करने और मुलाकात के बाद सईद का भारत के प्रति विचार बदलने का दावा किया।
वैदिक बोले पत्रकार होने के नाते मिला सईद से
सईद और वैदिक की मुलाकात गत दो जुलाई को हुई थी। इस मामले में विवाद खड़ा होने के बाद वैदिक ने कहा कि मुलाकात में कुछ भी गलत नहीं है। पत्रकार होने के नाते उन्हें किसी से मुलाकात का गुरेज नहीं है।
वैदिक ने कहा कि इस मुलाकात की तस्वीर उन्होंने खुद फेसबुक में पोस्ट की है। उन्होंने कहा कि अपने पाकिस्तान दौरे में उन्होंने नवाज शरीफ के साथ अन्य पाकिस्तानी नेताओं से मुलाकात की और बतौर पत्रकार उन्हें किसी से भी मिलने में कोई गुरेज नहीं है।
बीते दिनों पाकिस्तान के लाहौर में वरिष्ठ पत्रकार वेद प्रताप वैदिक से हुई मुलाकात में सईद ने आरोप लगाया कि अमेरिका ने भारत के दबाव में उस पर और उसकी संस्था जमात उद दावा पर प्रतिबंध लगाया है।
सईद बोला पाक मोदी के स्वागत के लिए तैयार
इस मुलाकात के दौरान सईद ने वैदिक से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पत्नी के बारे में जानकारी ली और कहा कि पाकिस्तान को मोदी से कोई परहेज नहीं है। पाकिस्तान मोदी के दौरे का स्वागत करने के लिए तैयार है।
वैदिक ने बताया कि सईद लाहौर के भीड़भाड़ वाले इलाके में बेहद कड़ी सुरक्षा में रहता है। उसकी सुरक्षा प्रधानमंत्री नवाज शरीफ से भी ज्यादा कड़ी है।
सईद से मुलाकात के संबंध में उन्होंने बताया कि इस दौरान उन्होंने सईद के हर बयान का विरोध किया। शुरू में दोनों के बीच बातचीत बेहद तीखी रही। मगर चर्चा के बाद सईद की राय बदल गई।
वैदिक ने मुलाकात के लिए नहीं ली इजाजत
हालांकि वैदिक ने यह नहीं बताया कि सईद की किस मायने और किस विषय में राय बदल गई।
इस दौरान वैदिक ने भारत-पाकिस्तान के बीच विवाद खत्म करने के लिए बातचीत को ही अंतिम रास्ता बताया। वैदिक ने सईद से मुलाकात करने की इजाजत भारत सरकार से नहीं ली थी।