'जेल जा सकते हैं अखिलेश और मुलायम'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कांग्रेस-रालोद गठनबंधन प्रत्याशी जयंत चौधरी के समर्थन में आयोजित सभा में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री एवं रालोद मुखिया चौधरी अजीत सिंह ने भाजपा के पीएम पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी पर सीधा निशाना साधा। वहीं अमर सिंह ने मुजफ्फर नगर दंगे को लेकर प्रदेश की सरकार को कठघरे में खड़ा किया।
शुक्रवार को छाता में जनसभा को संबोधित करते हुए रालोद मुखिया अजित सिंह ने कहा कि जिस नेता के पास कोई नीति नहीं और जिस पार्टी के पास 220 संसदीय क्षेत्रों में उम्मीदवार नहीं उस पार्टी का प्रधानमंत्री कैसे बन सकता है। उन्होंने कहा कि जैसे गुजरात में मोदी ने भाजपा का सफाया कर दिया है वैसे ही वे अब देश में भाजपा को साफ कर रहे हैं। इससे भाजपा में भी हलचल मची है। केंद्रीय मंत्री अजित ने कहा कि 20 वर्ष में सपा, बसपा और भाजपा सरकारों ने प्रदेश को डुबो दिया है।
उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि वर्तमान में प्रदेश के साढ़े चार मुख्यमंत्री हैं। रालोद मुखिया ने वर्ष 2017 के विधानसभा चुनावों में जयंत को मुख्यमंत्री के रूप में पेश करने के संकेत देते हुए कहा कि जयंत को पूरे प्रदेश का प्रतिनिधित्व सौंपने की तैयारी में हैं।
अमर ने अखिलेश-मुलायम पर साधा निशाना
फतेहपुर सीकरी से पार्टी प्रत्याशी अमर सिंह ने प्रदेश की सपा सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि मुजफ्फरनगर के दंगों में सुप्रीम कोर्ट अखिलेश सरकार को दोषी ठहरा चुका है। अब पिता-पुत्र इसे झुठलाते हैं लेकिन दोनों जेल जा सकते हैं।
अमर सिंह ने कहा कि सपा की राजनीति चौधरी चरण सिंह की विरासत की देन है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र को विकास करने वाले सांसद की जरूरत है। उन्होंने सपा-बसपा शीर्ष नेतृत्व की ओर इशारा करते हुए कहा कि प्रदेश को मामू से बचाए बिना तरक्की मुश्किल है।
जनसभा में बिजनौर के सांसद संजय चौहान ने कहा कि फर्जी लहर के सहारे देश की सत्ता पर कोई काबिज नहीं हो सकता। पूर्व मंत्री एवं विधायक ठाकुर तेजपाल सिंह ने कहा कि कुछ अभिनेता चुनाव जीतने के बाद क्षेत्र से दूर ही रहे। इस पर मथुरा की जनता को मंथन करना होगा।