शादी के बाद बेटियों का हाल भी पूछेगी MP सरकार
मध्यप्रदेश की सरकार बेटियों का विवाह कराने के बाद उनकी कुशलक्षेम पूछने के लिए सम्मेलन भी आयोजित करेगी।
राज्य सरकार विवाह में स्त्री धन के बतौर उन्हें टॉयलेट देने का ऐलान पहले ही कर चुकी है। अब उनको न्यौता देकर बुलाया जाएगा और ये पूछा जाएगा कि शादी के बाद उन्हें कोई तकलीफ तो नहीं है।
सूबे के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोशल इंजीनियरिंग के अपने पिटारे से बुधवार को नई पुड़िया निकाली।
बुंदेलखंड के सबसे चर्चित विवाह समारोह, जिसमें एक लाख से ज्यादा अतिथि मौजूद थे, शिवराज ने कहा कि सरकार बेटियों की शादी कराने के बाद उन्हें भूलेगी नहीं। कुशलक्षेम सम्मेलन के जरिए उनका हालचाल जाना जाएगा।
पीएम मोदी ने समारोह के लिए ‘वेल डन’ संदेश भेजा
दरअसल, सागर का गढ़कोटा कन्याओं की शादी के लिए पूरे प्रांत में जाना जाता है। कैबिनेट में शिवराज के सहयोगी और पंचायत ग्रामीण विकास मंत्री गोपाल भार्गव इस मामले में विख्यात हैं। पिछले 13 सालों में 14 हजार कन्याओं की शादी करा चुके हैं।
आज भी उनके गृह कस्बे गढ़कोटा में 1351 जोड़ों ने एक दूसरे का जीवन भर साथ निभाने की कस्में खाईं। इनमें खुद उनका बेटा अभिषेक और बिटिया अवंतिका भी शामिल हैं।
भार्गव ने इस आयोजन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी गढ़कोटा आने का न्यौता दिया था, पर मोदी नहीं आ सके। उनका शुभकामना संदेश जरूर आया, जिसमें लिखा था ‘ वेल डन’।