हादसे में मां-बेटे की मौत पर हंगामा, तोड़फोड़
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुजफ्फरनगर के बरला-देवबंद मार्ग पर शादी से लौट रहे बाइक सवार परिवार को रोड़ी लदे दस टायरा ट्रक ने कुचल दिया। एक महिला और बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक चला रहे युवक और उसकी भाभी को गंभीर हालत में मेरठ रेफर किया गया है।
गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने बरला-देवबंद मार्ग पर जाम लगा दिया। ट्रक में भी तोड़फोड़ की गई। ग्रामीण ट्रक मालिक को बुलाने की मांग पर अड़ गए। पुलिस के साथ धक्का-मुक्की कर ग्रामीणों ने शव नहीं उठाने दिया। एसडीएम द्वारा मुआवजा दिलाने के आश्वासन पर ढाई घंटे बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया।
देवबंद के काल्हापुर निवासी रेनू (40) अपनी पत्नी मीना (35) भाभी सोना (45) और तीन वर्षीय पुत्र आदित्य के साथ सोमवार को छपार थाना क्षेत्र के गांव जयभगवानपुर में एक शादी समारोह में आया था।
शादी से निपटने के बाद करीब पांच बजे रेनू एक बाइक पर तीनों को बैठाकर काल्हापुर के लिए चल दिया। जब वह कुतुबपुर से आग रजवाहे की पुलिया के पास पहुंचा तो सामने से आए रोड़ी से भरे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी।
ट्रक के नीचे आई बाइक
बाइक ट्रक के नीचे आ गई। जिससे मीना और आदित्य की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक चालक घटनास्थल पर ही ट्रक छोड़कर भाग गया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने घायल रेनू और सोना को जिला चिकित्सालय भिजवाया। जहां दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए को मेरठ रेफर कर दिया गया।
उधर, कुतुबपुर के ग्रामीणों ने ट्रक में तोड़फोड़ कर दी। हादसे की सूचना पर जयभगवानपुर और काल्हाहेड़ी के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। मामले की गंभीरता को देख पुरकाजी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस को शवों को उठाने नहीं दिया और ट्रक मालिक को बुलाने की मांग पर अड़ गए। गुस्साए ग्रामीणों ने बरला-देवबंद मार्ग पर जाम लगा दिया। शव उठाने को लेकर ग्रामीणों और पुलिस में धक्का-मुक्की भी हुई।
पुलिस की मौजूदगी में ही ट्रक में तोड़फोड़ की गई। ग्रामीणों ने ढाई घंटे बाद एसडीएम सदर से उचित कार्रवाई का आश्वासन मिलने पर जाम खोल दिया।