बकरीद के लिए बकरे को खूब खिलाया, फट गया पेट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के बरेली में कुर्बानी के लिए लाए गए बकरे को मोटा-ताजा करने के चक्कर में उसे इतना ज्यादा खिलाया कि उसका यूरीनरी ब्लेडर फट गया। इसके बाद बकरे को ऑपरेशन के लिए आईवीआरआई (भारतीय पशु अनुसंधान संस्थान) ले जाया गया जहां डॉ. अभिजीत पावड़े ने बृहस्पतिवार शाम उसका ऑपरेशन किया। अब शुक्रवार को बकरे की कुर्बानी दी जाएगी।
शाहदाना इलाके में रहने वाले टेलर राजू ने बुधवार को ही कुर्बानी के लिए शाहदाना बाजार से बकरा खरीदा था लेकिन बृहस्पतिवार की सुबह उसका यूरीनरी ब्लेडर फट गया। आईवीआरआई के डॉ. अभिजीत पावड़े ने बताया कि बकरे को मोटा करने के लिए उसे अनाज और गेहूं का चोकर ज्यादा खिला दिया गया।
इससे बकरे के शरीर में विटामिन डी की मात्रा ज्यादा हो गई जबकि विटामिन ए का लेवल घट गया। विटामिन ए की कमी से बकरे के यूरीनरी ब्लेडर की अंदरूनी कोशिकाएं नष्ट होने लगती हैं, लिहाजा बकरे का यूरीनरी ब्लेडर कमजोर होकर फट गया। शाम को डॉ. अभिजीत पावड़े ने बकरे का ऑपरेशन किया। डॉ. पावड़े ने बताया कि बकरे को ज्यादा अनाज खिलाने के बजाय हरी पत्तियां खिलानी चाहिए। इससे उसमें विटामिन डी और ए का स्तर सामान्य रहता है और वह बीमार होने से बचा रहता है।
बकरे में नुक्स है तो कुर्बानी जायज नहीं
मौलाना डॉ. एजाज अंजुम, उस्ताद मदरसा मंजरे इस्लाम दरगाह आला हजरत ने कहा कि ऐसे किसी बकरे की कुर्बानी नहीं हो सकती जिसमें कोई नुक्स हो, लिहाजा आपरेशन किए हुए या घायल बकरे की भी कुर्बानी नहीं की जा सकती।
ऐसी कोई कुर्बानी जायज नहीं है। ऐसे में अगर कुर्बानी करने वाला शख्स साहिबे निसाब यानी हैसियतदार है तो दूसरा बकरा खरीदकर कुर्बानी कराए और नहीं है तो बकरा बेच सकता है।
इसी बकरे की कुर्बानी देंगे
हमने शाहदाना मस्जिद के मौलाना से पूछा था। उन्होंने कहा कि अगर बकरा चारों पैरों से ठीक से चलता है तो फिर उसकी कुर्बानी हो सकती है। इसलिए बकरीद पर हम इसी बकरे की कुर्बानी करेंगे।