मुरादाबाद: मंदिर में गणेश प्रतिमा तोड़ने पर बवाल
मूंढापांडे के खड़गपुर जगतपुर गांव में बुधवार रात दो समुदाय आमने सामने आ गए। एक पक्ष के युवकों ने लाउड स्पीकर जबरन बंद कराकर मंदिर पर लगी गणेश प्रतिमा तोड़ दी।
इसके बाद जमकर संघर्ष हुआ। सूचना पर पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और प्रतिमा तोड़ने वालों की तलाश में दबिश दी। मुकदमा भी दर्ज किया गया है।
गांव में मंदिर के पास पिछले दो दिन से कीर्तन हो रहा था। बुधवार शाम भंडारे का आयोजन किया था।
रात गांव के अधिकांश लोग खाना खाकर जब अपने घर लौट गए तो भंडारे के आयोजनकर्ताओं में से एक युवक ने मंदिर पर लगे लाउडस्पीकर से उन लोगों को बुलाने के लिए एनाउंसमेंट कराया, जो भंडारे में शामिल होने से रह गए थे।
तभी दूसरे पक्ष के लोग पहुंच गए। उन्होंने अजान का वक्त बताते हुए विरोध किया। आरोप है कि उनमें से एक पक्ष ने मंदिर पर चढ़कर प्रतिमा तोड़ दी। विरोध करने पर पप्पू, लाखन सिंह आदि कई लोगों पर लाठी डंडों से हमला कर दिया।
लाउडस्पीकर जबरन बंद कराने पर विवाद
इधर, सूचना पर पप्पू और लाखन पक्ष से भी तमाम लोग पहुंचे। इसके बाद दोनों पक्षों में जमकर लाठी डंडे चले। एक पक्ष ने पत्थर भी फेंके।
लोगों ने पुलिस को भी फोन किया। तब सीओ, एसओ फोर्स के साथ आए। किसी तरह लोगों को शांत कराया। खंडित प्रतिमा को पुलिस अपने साथ ले गई और गांव में पुलिस तैनात लगा दी गई।
एसपी सिटी वैभव कृष्ण ने बताया कि अजान के वक्त पर मंदिर का लाउडस्पीकर बजने पर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई थी। एक पक्ष ने प्रतिमा खंडित कर दी। इससे आक्रोश बढ़ा। मामले में मुकदमा दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।