मुरादाबाद में छेड़छाड़ पर बवाल, फायरिंग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुरादाबाद के कटघर में छेड़छाड़ को लेकर हुए बवाल के बाद दो संप्रदाय आमने-सामने आ गए। दोनों तरफ से जमकर फायरिंग और पथराव हुआ।
मुकदमा दर्ज न होने से भड़की पब्लिक ने थाने के बाहर खड़े टैंपो को फूंक दिया। इसके बाद पचपेड़ा में जमकर फायरिंग हुई। हालात बिगड़ता देख भारी फोर्स बुला ली गई।
लोगों ने पुलिस पर भी पथराव किया। एसपी देहात की गाड़ी के शीशे टूट गए। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लोगों को समझाने की कोशिश करते रहे मगर लोग आरोपी की गिरफ्तारी पर अड़े थे। देर रात तक सैकड़ों की भीड़ सड़क पर थी और तनाव बना हुआ था।
बवाल की शुरुआत दोपहर को उस वक्त हुई जब बाजार से लौट रही होली का मैदान निवासी एक महिला से मकबरा निवासी भूरा टकरा गया। महिला अपनी ननदों और मासूम बेटे के साथ बाजार गई थी।
जब महिला ने विरोध किया तो भूरा हमलावर हो गया और सिर पर फावड़ा मार दिया। युवती के हाथ में फावड़ा लगा। साथ में मौजूद उसकी ननद को भी पीटा गया। मासूम को भी गिरा दिया। हल्ला मचने पर मुहल्ले के लोग दौड़े तो युवक भाग गया।
थाने में रिपोर्ट न लिखने पर भड़के लोग
मामला दो अलग अलग संप्रदायों से जुड़ा था लिहाजा कुछ ही देर में भीड़ इकट्ठा होने लगी। छेड़छाड़ करने वाले युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने को दोपहर में ही भीड़ थाने पहुंची।
मगर पुलिस ने मुकदमा नहीं लिखा। उस वक्त तो लोग वापस आ गए लेकिन शाम को फिर भड़के लोगों ने थाने के बाहर खड़े टैंपो में आग लगा दी। धीरे-धीरे बवाल बढ़ता गया और कटघर के पचपेड़ा में दो संप्रदायों के लोग आमने सामने आ गए।
दोनों तरफ से पथराव-फायरिंग होने लगी। पूरा इलाका दहशत में घिर गया। बवाल की खबर आग की तरह फैली। अधिकारियों ने मुकदमा दर्ज करके आरोपी की गिरफ्तारी का भरोसा दिया।
देर रात तक इलाके में पब्लिक जमा थी और फोर्स मार्च कर रही थी।