आडवाणी को भी भरोसा, मोदी लाएंगे अच्छे दिन
बिहार चुनाव परिणाम के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी नेतृत्व के प्रति बागी तेवर दिखाने वाले वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने भी अब कह दिया है कि अच्छे दिन आएंगे।
उनके अनुसार सरकार देश में अच्छे दिन लाने के लिए सही रास्ते पर जा रही है। आडवाणी के बयान ने निश्चित तौर पर सरकार तथा पार्टी को बड़ी राहत दी होगी।
रविवार को अहमदाबाद नगर निगम चुनाव में अपना वोट डालने के बाद भाजपा के वयोवृद्ध नेता से जब पूछा गया कि क्या मोदी सरकार अच्छे दिन लाने का अपना वादा पूरा करने में असफल रही है तो उन्होंने कहा कि सिस्टम को सुधरने में समय लगता है।
चूंकि सरकार सही दिशा में आगे बढ़ रही है, इसलिए मुझे भरोसा है कि परिणाम भी अच्छा होगा।
निकाय चुनाव, विधानसभा चुनावों के बराबर
आडवाणी ने कहा कि बिहार चुनाव के बाद पार्टी की समझ बढ़ गई है। निकाय चुनाव के परिणाम अपने पक्ष में लाने के लिए सभी प्रयास किए गए हैं।
इन कोशिशों का परिणाम पर जरूर असर पड़ेगा। उन्होंने निकाय चुनावों को विधानसभा और लोकसभा चुनावों के बराबर ही महत्वपूर्ण बताया। कुछ दिन पहले ही आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, शांता कुमार और यशवंत सिन्हा ने संयुक्त बयान जारी कर बिहार में करारी हार के लिए भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को जमकर फटकार लगाई थी।
चारों वरिष्ठ नेताओं ने कहा था कि पिछले एक साल में पार्टी शक्तिहीन हो गई है।