दाऊद इब्राहिम पर बोले मोदी, जानिए क्या कहा?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चुनावी महासमर के बीच अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम नाम का जिन्न फिर से बाहर आ गया है। अरसे से भारत की मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल दाऊद पर पहली बार भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने अपनी राय रखी है। मोदी ने कहा है कि इस तरह की चीजें ढिंढोरा पीट कर नहीं होती हैं।
गुजरात के एक चैनल को दिए गए इंटरव्यू में दाऊद को भारत लाने के सवाल पर नरेंद्र मोदी ने कहा कि ऐसी बातें मीडिया के माध्यम से नहीं होती हैं।
उन्होंने कहा, ‘क्या इस तरह की बातें अखबार के माध्यम से होती हैं? क्या ओसामा बिन लादेन को पकड़ने से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति ने कोई प्रेस नोट जारी किया था? क्या ओबामा ने लादेन को पकड़ने के लिए तारीख और समय की पहले ही घोषणा की थी।’
'भारत के गृहमंत्री में मिनिमम मैच्योरिटी भी नहीं'
हाल ही में केंद्रीय गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे ने दाऊद पर पत्रकारों से बातचीत में कहा था कि वह इस अंडरवर्ल्ड डॉन को पकड़ने के लिए अमेरिका की मदद ले सकते हैं।
हालांकि तत्कालीन गृह सचिव आरके सिंह ने इस तरह की किसी भी बात से इनकार किया था।
मोदी ने गृहमंत्री की आलोचना करते हुए कहा, ‘भारत के गृहमंत्री में मिनिमम मैच्योरिटी भी नहीं है। मुझे हैरानी के साथ शर्मिंदगी भी होती है कि देश के गृहमंत्री इतने संवेदनशील मुद्दे पर मीडिया में ऐसी बातें करते हैं।’
मोदी से सहमत हूं: सत्यपाल सिंह
मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर और अब भाजपा नेता सत्यपाल सिंह ने भी मोदी का समर्थन किया है।
उन्होंने कहा, ‘मैं मोदी जी से सहमत हूं। दाऊद को लाने के लिए नीतिगत दबाव बनाना पड़ेगा। तभी हमें सफलता हासिल हो सकती है। सार्वजनिक तौर पर बयान देने से कोई लाभ नहीं होने वाला।’
इसी साल जनवरी में केंद्रीय गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे ने बयान दिया था कि जल्द ही दाऊद भारत की गिरफ्त में होगा। उन्होंने कहा था कि हम अमेरिकी खुफिया एजेंसी एफबीआई के संपर्क में हैं। सरकार को दाऊद की हर मूवमेंट का पता है। जल्द ही इस संबंध में हमें कामयाबी हासिल मिलेगी।