मोदी का काशी दौरा, जमीन में दबी कीलों तक को खोदकर बाहर निकलवाया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शुक्रवार को वाराणसी आगमन पर डीरेका से लेकर बीएचयू तक अभेद्य किलेबंदी रहेगी। पीएम की सुरक्षा में पांच हजार से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात होंगे।
गुरुवार को पीएम की डमी फ्लीट और भारतीय वायुसेना के हेलीकाप्टर का डीरेका और बीएचयू हेलीपैड पर उतरने का पूर्वाभ्यास होगा। सूबे के डीजी सुरक्षा गोपाल गुप्ता पीएम की सुरक्षा में लगने वाली फोर्स को गुरुवार को पुलिस लाइन में संबोधित करेंगे।
बुधवार को डीरेका सूर्य सरोवर के सामने स्थित मैदान, जहां 22 को पीएम सामाजिक अधिकारिता शिविर में नौ हजार से अधिक विकलांगों को उनकी जरूरत के उपकरण बांटेंगे।
बुधवार को आयोजन स्थल पर चप्पे-चप्पे की तलाशी ली गई। मुख्य मंच के सौ मीटर के दायरे में बम निरोधक दस्ते ने अरसे से जमीन में दबी नुकीली लोहे की कीलों को खोदकर बाहर निकलवाया।
साथ ही कार्यक्रम स्थल और पीएम के रूट के आसपास के पेड़ पौधों की भी छंटाई की गई। एसपीजी ने डीरेका और बीएचयू को अभेद्य किले के तौर पर तब्दील कर दिया है।
20 हजार लंच पैकेट की होगी जांच
एसएसपी आकाश कुलहरि ने बताया कि हेलीकाप्टर उतारने के पूर्वाभ्यास के बाद ही यह सुनिश्चित होगा कि प्रधानमंत्री का हेलीकाप्टर सीधे बीएचयू या फिर डीरेका में उतरेगा। हमारे तरफ से सभी विकल्पों पर ध्यान देकर ठोस तैयारी की जा रही है।
बताया कि पीएम के जाते ही वीवीआईपी ड्यूटी खत्म नहीं हो जाएगी। सभी पुलिसकर्मियों को कहा गया है कि जब तक विकलांग अपने घर नहीं पहुंच जाएंगे तब तक मुस्तैदी से तैनात रहकर ड्यूटी करना है।
इसके लिए पीएम के जाते ही सभी की हाजिरी भी ली जाएगी। उधर, एसपीजी के अधिकारियों ने जिला पुलिस और प्रशासन को ताकीद की है कि सुरक्षा व्यवस्था के चलते किसी भी विकलांग को तनिक भी दिक्कत नहीं आनी चाहिए।
प्रधानमंत्री की सुरक्षा को ध्यान में रखकर 20 हजार लंच पैकेट की भी जांच होगी। खाना बनाने से लेकर पैक करने और लंच पैकेट विकलांगों और उनके सहायकों को बांटने से पूर्व कई दौर में जांच होगी।
उपकरणों की जांच एसपीजी लगातार कर रही है। व्यवस्थाओं और सुरक्षा को ध्यान में रखकर 59 मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं। सुरक्षा से जुड़े अधिकारियों की मानें तो हर स्तर पर चेकिंग कराई जा रही है।
कार्यक्रम में कोई बाहरी व्यक्ति प्रवेश न करे। इसके लिए हर व्यक्ति को पास जारी किया गया है। ड्यूटी करने वालों से लेकर साफ सफाई में जुटे कर्मचारियों को पास जारी किया गया है।
चप्पे-चप्पे पर रहेगी फोर्स
पीएम की सुरक्षा के लिए एसपीजी, एनएसजी कमांडो, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड, एटीएस, केंद्रीय और स्थानीय खुफिया एजेंसियों के अलावा 18 पुलिस अधीक्षक, 17 एडिशनल एसपी, 39 डिप्टी एसपी, 46 थानाध्यक्ष, 315 सब इंस्पेक्टर, 12 महिला सब इंस्पेक्टर, 327 हेड कांस्टेबल, 2300 कांस्टेबल, 90 महिला कांस्टेबल के अलावा आठ कंपनी पीएसी, 12 कंपनी सीपीएमएफ के अलावा सादे वेश में भारी भरकम सुरक्षा बल लगाया गया है।
आरपीएफ के 300 जवानों ने संभाला मोर्चा
रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने पीएम की सुरक्षा के मद्देनजर डीरेका परिसर में 300 जवान और डॉग स्क्वॉड तैनात किए हैं। ये जवान परिसर और यहां आनेजाने वालों की तलाशी के साथ ही विकलांगों की सहायता के लिए स्वयंसेवक का भी काम करेंगे। डीरेका के पीआरओ ने बताया कि सिविल पुलिस से समन्वय बनाकर आरपीएफ के जवान सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग के लिए मैदान में उतर चुके हैं।