पीएम मोदी की फटकार से गिरिराज का इनकार
सियासी गलियारे में मंगलवार को पीएम नरेंद्र मोदी की ओर से केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह को कड़ी फटकार लगाने की जबर्दस्त चर्चा रही।
खबरों के मुताबिक, बीते दिनों कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में जब पीएम ने गिरिराज को फटकार लगाई तो उनकी आंखों से आंसू निकल पड़े।
इस दौरान मानव संसाधन मंत्री स्मृति ईरानी ने उन्हें सांत्वना दी। हालांकि खुद गिरिराज सिंह सहित सरकार के कई मंत्रियों ने फटकार लगाने का खंडन किया।
गिरिराज ने कहा कि जब उनकी पीएम से मुलाकात ही नहीं हुई तो फटकार लगाने की बात कहां से आई। संसदीय कार्य मंत्री वेकैया नायडू ने भी इस घटना का खंडन किया।
बोले- पीएम से मिला ही नहीं
गिरिराज ने बीते दिनों यह कह कर विवाद खड़ा कर दिया था कि अगर राजीव गांधी ने सोनिया गांधी की जगह किसी नाइजीरियन से शादी की होती तो क्या कांग्रेस उस महिला का नेतृत्व स्वीकार करती। इस मुद्दे पर सोमवार को लोकसभा में हुए जबर्दस्त हंगामे के बाद गिरिराज को अपनी टिप्पणी के लिए खेद जताना पड़ा था।
चर्चा के मुताबिक, संसदीय दल की बैठक के बाद लोकसभा की कार्यवाही जारी रहने के दौरान पीएम मोदी ने गिरिराज को संसद भवन स्थित अपने दफ्तर में तलब किया।
इस दौरान उनसे सोनिया गांधी के खिलाफ की गई टिप्पणी की कैफियत पूछी और जम कर फटकार लगाई। पीएम से फटकार खा कर वापस लौटते समय गिरिराज की आंखों से आंसू निकल रहे थे और स्मृति उन्हें ढांढस बंधा रही थी।
हालांकि इस आशय का सवाल पूछने पर गिरिराज बुरी तरह भड़क गए। उन्होंने मीडियाकर्मियों से सवाल किया कि क्या वह संजय हैं जो बाहर से ही जान गए कि पीएम ने मुझे फटकार लगाई और इसके बाद मैं रोने लगा। नायडू ने भी इन चर्चाओं को अफवाह करार दिया। उन्होंने कहा कि ऐसी कोई घटना नहीं हुई है।