सोनिया ने किया मोदी पर करारा जुबानी हमला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी ने भाजपा के पीएम उम्मीदवार नरेंद्र मोदी पर सीधा निशाना साधते हुए कहा है कि उनके असली चेहरे को नकाब से ढक दिया गया है जबकि उनके साथी अमित शाह का एक सूत्रीय काम सांप्रदायिकता को बढ़ावा देना है। सोनिया ने यह बातें कर्नाटक के कोलार में एक सभा के दौरान कहीं।
उन्होंने गुजरात के कथित महिला जासूसी कांड के संदर्भ में कहा कि उस राज्य में महिलाओं पर अत्याचार किए जा रहे हैं। इतना ही नहीं गुजरात के विकास मॉडल की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि कुछ लोगों की आदत छोटी चीजों को बढ़ा चढ़ाकर पेश करने की होती है, जैसा कि किसी और राज्य में कोई अच्छा काम हो ही नहीं रहा है।
कोलार की रैली में उन्होंने कहा कि पूरे देश में बड़े-बड़े महंगे विज्ञापन दिखाकर सच्चाई को दबाने की कोशिश की जा रही है। यह एक व्यक्ति के वास्तविक चेहरे को नकाब से ढकने की कोशिश है। उन्हें एक जादूगर की तरह पेश किया जा रहा है, जो सभी समस्याओं का हल निकाल देगा।
भाजपा पर नफरत फैलाने का आरोप
भाजपा पर भाइयों के बीच नफरत फैलाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि सामाजिक ताने बाने को खत्म करने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा से सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने की लड़ाई लड़ती रही है जबकि भाजपा का एक सूत्रीय एजेंडा सांप्रदायिकता फैलाना है। उत्तर प्रदेश में इस पार्टी के नेता के बयान से यह सच्चाई समाने आ गई है।
उन्होंने कहा कि 2014 के चुनाव से यह तय होगा कि हम किस तरह का भारत चाहते हैं। एक तरफ कांग्रेस है जो लोकतंत्र में भरोसा करती है जबकि दूसरी तरफ भाजपा है जो एक व्यक्ति के लिए वोट मांग रही है, जिसका इस देश की गंगा-जमुना संस्कृति में ही भरोसा नहीं है।