डाइटिंग पर मोदी के मंत्री, वजन घटाने की लगी होड़
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अपने चुस्त दुरुस्त प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ कदमताल मिलाने का दबाव कहें या स्वास्थ्य के प्रति जगी खुद की इच्छा।
मगर सच तो यह है कि इन दिनों टीम मोदी के सदस्य खुद को फिट रखने के लिए न सिर्फ वजन घटाने में लगे हुए हैं बल्कि योग, जिम से लेकर डाइट प्लान तक अपना रहे हैं।
कुछ ने योग और जिम का सहारा लिया है, तो कुछ ने सुबह की सैर को अनिवार्य सूची में डाल दिया है। कई मंत्री ऐसे भी हैं, जिन्होंने वजन घटाने और चुस्त दुरुस्त रहने के लिए रात का खाना ही छोड़ दिया है, जबकि कुछ मंत्रियों ने अपनी खुराक कम कर ली है।
यही नहीं कई मंत्रियों ने तो बाकायदा डाइट चार्ट बना लिया है। माना जा रहा है कि खुद को फिट रखने के लिए योग करने वाले नरेंद्र मोदी ने भी पीएम बनने के बाद अपना वजन कम किया है। उनकी देखादेखी अब तक फिटनेस से दूर रहने वाले मंत्री भी धीरे-धीरे स्वशासन के रास्ते पर आगे बढ़ रहे हैं।
मंत्री कर रहे हैं सुबह की सैर
खास बात यह है कि टीम मोदी के टॉप-6 में शामिल एक मंत्री जिन्हें देर से उठने की आदत थी, उन्होंने बिना नागा सुबह की सैर करना शुरू किया है।
बताते हैं कि स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने वजन घटाने के लिए डाइट चार्ट बनाया है, जबकि विदेश मंत्री सुषमा स्वराज रात के खाने से परहेज बरत रही हैं। इस कड़ी में कई मंत्रियों ने शाकाहार अपनाने के साथ ही योग का भी सहारा लिया है।
मजाक में इसे काम के दबाव को देखते हुए चुस्त दुरुस्त रहने की मजबूरी भी बताया जा रहा है। वैसे भी एक राज्यमंत्री रावसाहेब दानवे ने मंत्री बनने के महज एक महीने बाद 5 किलोग्राम वजन कम होने की चर्चा करते हुए कहा था कि पीएम के साथ काम करना वाकई आसान नहीं है।
जिम और योग का भी ले रहे सहारा
सुषमा ने 7 तो नायडू ने घटाया 10 किलो वजन
विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने जहां बीते 4 महीने में 7 किलो वजन कम किया है, वहीं संसदीय कार्यमंत्री वेंकैया नायडू ने 10 किलो से ज्यादा वजन घटाया है।
गृह मंत्री राजनाथ सिंह, स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, विज्ञान व तकनीकी मंत्री डॉ हर्षवर्धन, खाद्य मंत्री रामविलास पासवान, कानून मंत्री सदानंद गौड़ा, पीएमओ में मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह और अल्पसंख्यक मामलों के राज्यमंत्री मुख्तार अब्बास नकवी भी अपना वजन घटा चुके हैं।
जेटली व गडकरी ने कराई थी सर्जरी
वित्त मंत्री अरुण जेटली तो मंत्री बनने के साथ ही सर्जरी के जरिए 23 किलो वजन घटा चुके हैं जबकि सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी सरकार में शामिल होने से पहले ही सर्जरी के ही माध्यम से अपना वजन कम कर चुके हैं।
कई मंत्री पहले से ही हैं फिट
मोदी कैबिनेट के सदस्य सुरेश प्रभु, मनोहर परिकर, पीयूष गोयल, जनरल वीके सिंह, राज्यवर्धन सिंह राठौर, निर्मला सीतारमण और राजीव प्रताप रूडी जैसे कई ऐसे मंत्री भी हैं, जो कि पहले से ही चुस्त दुरुस्त हैं।