'उन 3 वादों का क्या हुआ, जो मोदी ने किए थे'
उत्तर प्रदेश के नगर विकास मंत्री आजम खां ने कहा कि जनता को सुनहरे ख्वाब दिखाने वाले प्रधानमंत्री उन वादों को पूरा करें, जो उन्होंने लोकसभा के चुनावों के दौरान किया था।
नरेंद्र मोदी ने जनता से तीन वादे किए थे, सभी के खाते में 20-20 लाख रुपये आएंगे, दो करोड़ युवाओं को रोजगार देंगे और सौ दिनों के अंदर हर घर में बिजली होगी।
प्रधानमंत्री इन वादों के बारे में बताएं? केंद्रीय वित्त मंत्री की ओर से सोमवार को प्रस्तुत किए गए बजट पर पूछे गए सवाल पर आजम खां ने कहा कि आम बजट पर प्रतिक्रिया देने का कोई औचित्य नहीं है। अगर बजट में पुराने वादों को पूरा किया है तो इसका स्वागत है, अगर नहीं किया गया है तो ये काला दिन है।
केंद्र ने की किसानों को मुआवजे की घोषणा,दिया राज्य ने
पहले जनता को सुनहरे ख्वाब दिखाकर उनकी उम्मीदों को तोड़ने वाले जवाब दें। किसानों को मुआवजा देने की घोषणा केंद्र सरकार ने की थी, लेकिन प्रदेश सरकार को उसका भुगतान करना पड़ा।
पहले हमारा पुराना उधार तो चुका दें। यह सरकार किसी की हितैषी नहीं है। बिहार में भी तो किसानों को लेकर लंबी चौड़ी घोषणा भाजपा ने की थी, वहां सूपड़ा क्यों साफ हो गया। शिया धर्म गुरु मौलाना कल्बे जव्वाद की ओर से सपा पर मुसलमानों को धोखा दिए जाने का आरोप लगाए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वो तो आरएसएस के कार्यकर्ता हैं।
उन्होंने भाजपा का चुनाव लड़वाया है। मोदी के समर्थन में नारे लगाए हैं। कल्बे जव्वाद व दिल्ली की जामा मस्जिद के शाही इमाम अहमद बुखारी आरएसएस के एजेंट हैं।