आतंकवाद पर भी शरीफ से बात करें मोदी: कांग्रेस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पेरिस में पर्यावरण सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ से मुलाकात का कांग्रेस ने स्वागत करने के साथ ही सवाल भी खड़े किए हैं।
कांग्रेस ने कहा है कि पाकिस्तान से बातचीत का पार्टी ने कभी विरोध नहीं किया है। मगर सीमा पार आतंकवाद के मुद्दे को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। कांग्रेस ने कहा है कि सीमा पार आतंकवाद पर दो टूक बात होने के साथ ही पाकिस्तान से बातचीत आगे बढ़नी चाहिए।
कांग्रेस ने कहा है कि मोदी सरकार को पाकिस्तान से बातचीत करने से पहले विपक्ष को भरोसे में लेना चाहिए। लोकसभा में संसदीय दल के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि पाकिस्तान से बातचीत करना अच्छी बात है। मगर सरकार को बताना चाहिए कि बातचीत में क्या चर्चा हुई। खड़गे ने कहा कि सीमा पार आतंकवाद सबसे बड़ा मुद्दा है। पाकिस्तान के सामने इस मुद्दे को मजबूती से उठाने की जरूरत है।
वहीं कांग्रेस सांसद पी एल पुनिया ने कहा कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री पर हमेशा वहां की सेना का दबाव रहता है। पीएम मोदी ने बातचीत शुरू की है। यह अच्छे संकेत है। मगर औपचारिक बातचीत शुरू करने से पहले भारत को इसके नतीजों के बारे में पहले से ही सोच लेना चाहिए।
मोदी-शरीफ की मुलाकात को पाक मीडिया ने सराहा
पेरिस जलवायु सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पाक पीएम नवाज शरीफ के बीच हुई मुलाकात को लेकर पाक मीडिया ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। उसने इसे दोनों देशों के बीच चल रही तल्खी को कम करने की तरफ उठा सकारात्मक कदम बताया है।
पेरिस सम्मेलन के दौरान सोमवार को पीएम मोदी और उनके समकक्ष शरीफ ने एक छोटी सी मुलाकात की। इस पर शरीफ ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए बताया था कि मुलाकात अच्छी रही।
डान ने मोदी-शरीफ की मुलाकात का वर्णन करते हुए लिखा है कि मोदी ने पहल की। शरीफ जब अकेले खड़े थे, तो वह उनके पास आए और गर्मजोशी से उनसे हाथ मिलाया। इसके बाद उन्होंने कुछ समय तक वार्ता की।
अखबार से बैठक के दौरान वहां मौजूद एक अधिकारी ने कहा कि ऐसा लगा कि पीएम मोदी वार्ता करने के लिए उत्सुक थे। भारतीय पीएम हमारे प्रधानमंत्री से बात करने आए थे, ऐसे में लगता है कि अब भारत-पाक वार्ता पर जमी बर्फ जल्द पिघलेगी।