फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   News Archives ›   India News Archives ›   Narendra Modi Speech in Madison Square, New York - Modi Us Tour

10 कहानियां: मोदी की अमेरिका में दीवानगी

Mon, 29 Sep 2014 06:08 PM IST
Updated Mon, 29 Sep 2014 06:08 PM IST
विज्ञापन
Narendra Modi Speech in Madison Square, New York - Modi Us Tour

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों अमेरिका यात्रा पर हैं। उनकी ये यात्रा कई मायनों में महत्वपूर्ण है। भारत और अमेरिका ही नहीं बल्कि कई और देशों में भी ये यात्रा चर्चा में है।

विज्ञापन


मोदी के बारे में लगातार अमेरिकी अखबारों में भी छप रहा है और वहां के लोगों में भी उनके प्रति उत्साह दिखाई दे रहा है। रविवार को मोदी ने मेडिसन स्क्वायर गार्डन में भाषण दिया।
विज्ञापन


मोदी के इस भाषण की सभी अपने-अपने तरीके से व्याख्या कर रहे हैं। विरोधियों का मानना है कि इसमें कुछ नया नहीं वहीं मोदी समर्थक इसे ऐतिहासिक बता रहे हैं।

इस खबर में हम आपको बताएंगे मोदी के भाषण की खास बातें, लोगों का मोदी के प्रति उत्साह, रॉक कॉन्सर्ट में मोदी का जलवा, और भी बहुत कुछ। साथ में आपको दिखाएंगे बेहद खास वीडियो भी। बस चंद स्लाइडों में जानें मोदी के अमेरिका दौरे का पूरा हाल।

विज्ञापन
विज्ञापन

मेडिसन स्क्वायर में मोदी का जोशीला भाषण

Narendra Modi Speech in Madison Square, New York - Modi Us Tour
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को जोश से सराबोर और खचाखच भरे मेडिसन स्क्वायर गार्डन में भारतवंशियों से उनके सपनों का भारत बनाकर उनका कर्ज चुकाने का वादा किया। साथ ही उन्होंने उनसे अपील की कि वे भी अपनी मातृभूमि का कर्ज चुकाने का हरसंभव प्रयास करें।

उन्होंने अमेरिकी भारतीयों के लिए कई तोहफों का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि पीआईओ (पर्सन ऑफ इंडियन ओरिजन) कार्ड धारकों की वीजा की कई समस्याएं हैं, भारत सरकार उन्हें आजीवन वीजा देगी। लंबे समय तक भारत में रहने वालों को पुलिस थाने जाना पड़ता है, अब ऐसा नहीं करना पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि पीआईओ और ओसीआई (ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया) स्कीम में अंतर से कई समस्याएं पैदा होती हैं। हम दोनों को मिलाकर एक स्कीम बनाएंगे। पर्यटन के लिए आने वाले अमेरिकी नागरिकों को लंबी अवधि का वीजा दिया जाएगा। जल्द ही वीजा ऑन अराइवल की सुविधा भी शुरू की जाएगी।

करीब 20 हजार लोगों को संबोधित करते हुए मोदी ने जन भागीदारी से देश के विकास का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि सरकारें अकेले अपने दम पर विकास नहीं कर सकती हैं। सरकारें केवल योजनाएं ही लागू कर सकती हैं।

मोदी के भाषण की खास बातें

Narendra Modi Speech in Madison Square, New York - Modi Us Tour
मोदी ने कहा कि भारत के पास ऐसी तीन चीजें हैं जो दुनिया में किसी देश के पास नहीं। पहली लोकतंत्र जोकि हमारी सबसे बड़ी पूंजी है और आस्था। दूसरी युवा शक्ति, देश की 65 फीसदी जनसंख्या 35 साल से कम की है। इससे बड़ी संपदा कोई हो सकती है। तीसरी चीज है मांग। सवा अरब लोगों के देश को दुनिया ललचाई नजरों से देख रही है।

मोदी ने कहा कि लोग मुझसे बड़े विजन की बात करते हैं लेकिन मैं छोटा आदमी हूं और मेरा मन छोटे छोटे कामों में लगता है। मेरा इरादा छोटे लोगों के लिए बड़े काम करने का है। ऐसी ही छोटी छोटी बातों से देश का भाग्य बदलेगा। मैंने पूरे देश में शौचालय बनाने का फैसला किया है।

पीएम मोदी ने कहा कि पहले की सरकारें इस बात पर गर्व करती थीं कि उन्होंने कौन-कौन से नए कानून बनाए। जबकि मैंने पुराने बेकार कानूनों को हटाने का काम शुरू किया है। अगर हर दिन मैं एक पुराने, अप्रचलित कानून खत्म कर सकता हूं तो मुझे बेहद खुशी होगी। हम गवर्नेंस को आसान, सरल और लोगों की आकांक्षाओं के अनुरूप बनाना चाहते हैं।

2019 में गांधी की 150वीं जयंती होगी। क्या 2019 में हम गांधी के चरणों में स्वच्छ भारत दे सकते हैं। सवा सौ करोड़ देशवासी मिलकर सफाई के लिए काम करेंगे तो कोई ताकत नहीं जो भारत को गंदा कर सके। मोदी ने दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र भारत और सबसे पुराने लोकतंत्र अमेरिका की तुलना करते हुए कहा कि दुनिया भर के लोग रहने के लिए अमेरिका आते हैं लेकिन भारतीय दुनिया भर में जाते हैं।

गंगा अभियान पर लोगों ने मुझसे कहा कि ऐसे कठिन काम हाथ में न लो। मैं कहता हूं कि अगर आसान काम करने होते तो जनता मुझे पीएम नहीं बनाती। सवा सौ करोड़ लोगों की आस्था गंगा में है और मेरी उनकी आस्था में आस्था है। देश की 40 फीसदी जनसंख्या की गतिविधि गंगा से जुड़ी है, इसलिए गंगा की सफाई बड़ा आर्थिक एजेंडा भी है।

पुरानी बातें भी दोहराईं

Narendra Modi Speech in Madison Square, New York - Modi Us Tour

प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले भारत को विदेश के लोग सांप-सपेरों का देश समझते थे लेकिन हमारी युवा शक्ति और सूचना प्रौद्योगिकी ने इस मिथक को तोड़ा। अब हमारा देश सांप सपेरों का नहीं माउस का देश से जाना जाता है। ताइवान के एक शख्स ने जब कहा कि आपका देश तो सपेरों का देश है तो मैंने कहा कि हमारे पूर्वज सांप से खेलते थे, हम तो माउस से खेलते हैं।

मोदी ने मंगल अभियान का जिक्र कर भारतीय प्रतिभा और क्षमता का भी बखान किया। उन्होंने कहा कि अहमदाबाद में एक किमी की यात्रा के लिए 10 रुपये खर्च करने पड़ते हैं जबकि हमारे वैज्ञानिक 7 रुपये प्रति किमी की दर से 450 करोड़ में 66 करोड़ किमी यात्रा तय कर मंगल तक पहुंच गए। मंगल अभियान पर हमारा खर्च हॉलीवुड की फिल्म से भी कम हुआ।

मोदी ने कहा कि सवा अरब लोगों के देश में बड़ी तादाद नौजवानों की है। भारत अपनी युवा शक्ति के बल पर दुनिया में छा जाने का की ताकत रखता है। इन्हीं नौजवानों के दम पर हम 2020 तक दुनिया को वर्क फोर्स की सप्लाई करेंगे। इसके लिए हमने स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम शुरू किया है और इसके लिए एक अलग मंत्रालय का गठन तक किया है। हम दो तरह का स्किल डेवलपमेंट चाहते हैं। एक जो जॉब क्रिएटर बनें और दूसरे वे जो जॉब पाने की कतार में पहले नंबर पर हों।

मेडिसन स्क्वायर गार्डन के बाहर दिखी लंबी कतारें

Narendra Modi Speech in Madison Square, New York - Modi Us Tour
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मेडिसन स्क्वायर गार्डन में होने वाले कार्यक्रम में हॉल के अंदर और बाहर एक जैसा उत्साह दिखाई दिया। मोदी के लगभग एक घंटे चले भाषण के दौरान लोगों के जोशीले जयकारे हर दो मिनट पर गूंजते रहे। युवाओं पर मुख्य फोकस रखते हुए मोदी ने उनका दिल जीतने में कोई कसर नहीं छोड़ी।

हॉल के अंदर बैठे लोग मोदी की हर बात पर तालियां बजा रहे थे। साथ ही भारत माता की जय और मोदी-मोदी के नारे लगा रहे थे। प्रधानमंत्री का कार्यक्रम शुरू होने से कई घंटे पहले से ही लोग मेडिसन स्क्वायर पहुंचना शुरू हो गए थे। अंदर जाने के लिए लोगों की लंबी-लंबी कतारें लगी हुई थीं।

लोग मोदी की तस्वीर वाली टीशर्ट पहने और मोदी के पोस्टर लिए लाइन में खड़े थे। लाइन में खड़े दिनेश सिंह का कहना था कि वह 4 घंटे पहले पहुंचे लेकिन मोदी को देखने के लिए अगर उन्हें और इंतजार करना पड़ता तो भी वह करते। प्रशांत वल्लिरजा के पास कार्यक्रम का टिकट नहीं था। इसके बावजूद वह करीब साढ़े सात घंटे का सफर तय कर न्यूयॉर्क पहुंचे।

उन्होंने कहा कि वह टाइम्स स्क्वायर में लगी स्क्रीन पर ही मोदी को देख लेंगे और इस बहाने न्यूयॉर्क घूमना भी हो जाएगा। कई बार ये कहा जाता है कि युवा अमेरिकी भारतीय अपने देश के इतने करीब नहीं हैं जितने उनके माता-पिता थे लेकिन कार्यक्रम में रविवार के दिन फ्री में काम कर रहे युवाओं को देखकर इसका आभास नहीं हुआ।

रॉक कंसर्ट में भी खूब चला मोदी का जादू

Narendra Modi Speech in Madison Square, New York - Modi Us Tour
लोकसभा चुनाव के दौरान देश भर में अपना जादू चलाने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विदेशी दौरे में भी लोगों को लुभाने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे हैं। प्रोटोकॉल तोड़कर न्यूयॉर्क की सड़कों पर निकलकर लोगों से हाथ मिलाने वाले पीएम मोदी शनिवार को सभी को चौंकाते हुए ऐतिहासिक सेंट्रल पार्क में चल रहे रॉक कंसर्ट में जा पहुंचे।

मोदी ने सिटीजन ग्लोबल फेस्टिवल के तहत हो रहे कंसर्ट में मौजूद 60 हजार लोगों की भीड़ को भी अपना दीवाना बना लिया। मोदी ने हाथ उठाकर स्टार वॉर्स फिल्म की एक लाइन बोलकर वहां मौजूद भारतीयों समेत अमेरिकी युवाओं का भी दिल जीत लिया। अंग्रेजी में दिए अपने 7 मिनट के भाषण में उन्होंने युवाओं को भारत की ओर से शांति का पैगाम भी दिया। अपने भाषण का अंत उन्होंने संस्कृत के एक श्लोक से किया।

पीएम मोदी ने युवाओं में जोश भरने वाला भाषण दिया, जिसके कायल वहां मौजूद लगभग सभी लोग हो गए। उन्होंने कहा कि वह बंद कमरे की बजाय खुले पार्क में युवाओं के बीच काफी अच्छा महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आप लोग भविष्य हो। आज जो आज करोगे, उसी से आने वाला कल तय होगा। मोदी ने कहा कि कुछ लोग विश्वास करते हैं कि दुनिया में बुजुर्गों के ज्ञान से बदलाव होता है।

उन्होंने कहा कि मैं सोचता हूं कि आदर्शवाद, प्रयोगों, ऊर्जा और युवाओं का कुछ कर दिखाने का जज्बा और कैन डू वाला व्यवहार ज्यादा ताकतवर होता है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत के युवाओं से भी मुझे यही उम्मीद है कि वे राष्ट्र को बदलने में हाथ से हाथ मिलाकर चलेंगे। मोदी ने कहा कि आज दुनिया में शांति की जरूरत है जो सिर्फ आज की युवा पीढ़ी ही कर सकती है।

मोदी के समारोह में छाए रहे अदाणी और अमूल

Narendra Modi Speech in Madison Square, New York - Modi Us Tour
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत में मेडिसन स्क्वायर पर आयोजित शानदार समारोह में गुजरात से जुड़े उद्योग समूह छाए रहे। समारोह में भारतीय अमेरिकी समुदाय के 18 हजार से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। मेडिसन स्क्वायर गार्डेन स्टेडियम में मोदी के पहुंचने से काफी पहले ही लोग पहुंच गए थे।

वहां पर बड़े-बड़े स्क्रीनों पर वेलकमिंग पार्टनर्स के नाम चल रहे थे। इसमें ‘गोल्ड पैट्रन्स’ और ‘डायमंड पैट्रन्स’ के भी नाम शामिल थे। इनमें अधिकतर नाम भारतीय-अमेरिकी संघों और संगठनों के थे वहीं डायमंड पैट्रन्स में अदाणी, अमूल, एस्सार और सन फार्मा के नाम चल रहे थे। अन्य कंपनियों में एनआरआई टीवी, बायो ऊर्जा और नाविका ग्रुप ऑफ कंपनीज के नाम थे।

हालांकि समारोह के आयोजकों ने आयोजन पर हुए खर्च का खुलासा नहीं किया है, लेकिन इस आयोजन पर 15 लाख डॉलर यानी करीब नौ करोड़ रुपये खर्च होने के अनुमान है। क्योंकि केवल आयोजन स्थल का किराया ही पांच लाख डॉलर के करीब है। मोदी के करीबी माने जाने वाले उद्योगपति गौतम अदाणी मोदी के साथ अमेरिका आने वाले शीर्ष उद्योगपतियों में शामिल हैं।

रॉक कंसर्ट के दौरान फिल्म अभिनेता ह्यू जैकमैन ने मोदी का परिचय चाय बेचने से लेकर गुजरात का सीएम और फिर भारत का पीएम बनने वाले व्यक्ति के तौर पर कराया। मंच पर आज की पीढ़ी के पसंदीदा गायक बियांसे नोल्स और जैजी जी भी मौजूद थे। पीएम मोदी ने टीवी, लैपटॉप, टैबलेट और फोन पर उन्हें देखने वालों का अभिवादन नमस्ते कहकर किया। मौजूद लोगों ने हाथ हिलाकर और तालियां बजाकर स्वागत किया।

हर ओर सिर्फ मोदी का जलवा

Narendra Modi Speech in Madison Square, New York - Modi Us Tour
भारतीय अमेरिकी समुदाय की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत में आयोजित समारोह में 100 से अधिक बोहरा मुसलमानों ने भी हिस्सा लिया। यहां के मेडिसन स्क्वायर स्टेडियम में आयोजित समारोह में हिस्सा लेने आए अल्पसंख्यक समुदाय के लोग पारंपरिक सफेद लिबास में थे।

उन्होंने टोपी भी पहन रखी थी। भारतीय अमेरिकी समुदाय फाउंडेशन के अध्यक्ष भरत बराई ने बताया कि स्वागत समारोह के लिए करीब 15 लाख डॉलर की जरूरत थी लेकिन संगठन को 20 लाख डॉलर से अधिक की रकम प्राप्त हुई।

भारत-अमेरिका के बीच साझेदारी का बेजोड़ नजारा पेश करते हुए रविवार को मेडिसन स्क्वायर पर आयोजित कार्यक्रम में तीन दर्जन से अधिक अमेरिका सांसदों ने हिस्सा लिया। यह पहला मौका है जब भारतीय-अमेरिकी समुदाय द्वारा आयोजित किसी कार्यक्रम में इतनी बड़ी संख्या में अमेरिकी सांसदों ने हिस्सा लिया हो।

इन सांसदों में बेहद शक्तिशाली सीनेट की विदेश मामलों की समिति के अध्यक्ष रॉबर्ट मेनेंडीज, इंडियाना के सीनेटर जो डोन्नेल्ली और न्यूजर्सी के सीनेटर कोरी बूकर जैसी हस्तियां शामिल थीं। दक्षिण कैरोलिना की भारतीय मूल की गवर्नर निक्की हेली भी कार्यक्रम में मौजूद थीं।



भारतीय मूल की गवर्नर हेली से मिले नरेंद्र मोदी

Narendra Modi Speech in Madison Square, New York - Modi Us Tour
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को न्यूयॉर्क में साउथ करोलिना की भारतीय मूल की गवर्नर निक्की हेली से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच भारत में निवेश के साथ ही आपसी सहयोग के संभावित मुद्दों पर बातचीत हुई।

भारतीय प्रधानमंत्री और हेली की यह मुलाकात मेडिसन स्क्वायर गार्डन में आयोजित कार्यक्रम से करीब एक घंटे पहले हुई। साउथ करोलिना की पहली महिला गवर्नर हेली ने मोदी से कहा कि वह भारत में अवसर को लेकर उत्साहित हैं।

42 वर्षीय हेली मौजूदा समय में अमेरिका की सबसे कम उम्र की गवर्नर हैं। अभी अमेरिका में भारतीय मूल के दो गवर्नर हैं। भारतीय मूल के दूसरे गवर्नर हैं बॉबी जिंदल। वे लुसियाना के गवर्नर हैं।

हेली रिपब्लिकन पार्टी की सबसे होनहार नेता हैं। हेली दक्षिणी प्रांत की गवर्नर बनने वाली तीन गैर यूरो-अमेरिकी उम्मीदवारों में से एक हैं।

भारत के साथ रक्षा समझौतों पर अमेरिका की नजर

Narendra Modi Speech in Madison Square, New York - Modi Us Tour
भारत के साथ रक्षा, अंतरिक्ष एवं विमानन क्षेत्र में तीन से पांच अरब डॉलर के समझौतों पर अमेरिका के नजरें टिकी हैं। अमेरिका की कई बड़ी कंपनियों में इन समझौतों के लिए होड़ मची हुई है। इन संभावित समझौतों के व्यापक स्वरूप पर वाशिंगटन में चर्चा होने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी पांच दिवसीय अमेरिका यात्रा के तहत सोमवार शाम वहां पहुंचेंगे।

सूत्रों के मुताबिक, रक्षा समझौतों के लिए बोइंग, लॉकहीड मार्टिन, जनरल इलेक्ट्रिक और रेथियॉन जैसी कंपनियों ने दिलचस्पी दिखाई है। इसके अलावा गूगल, आईबीएम, एडोबी और कॉग्नीजेंट जैसी कई तकनीकी कंपनियां भारत सरकार की स्मार्ट सिटी और डिजिटल इंडिया जैसी परियोजनाओं में साझेदारी निभाने को उत्सुक हैं।

यहीं नहीं, पेप्सिको और दूसरी कंज्यूमर प्रोडॅक्ट कंपनियां भी स्वच्छ भारत में अपनी भागीदारी बढ़ाने को इच्छुक हैं। मोदी एक शीर्ष भारतीय-अमेरिकी समूह से बातचीत करने वाले हैं। इसमें कई बड़े कारोबारी शामिल हैं। मोदी इनको भारत में निवेश करने के लिए प्रोत्साहित करेंगे, ताकि मेक इन इंडिया में उनकी भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

वह अपनी अमेरिका यात्रा के आखिरी दिन यानी 30 सितंबर को यूएस-इंडिया बिजनेस काउंसिल द्वारा आयोजित एक बिजनेस मीट में शिरकत करेंगे। इसमें 300-400 कारोबारियों के हिस्सा लेने की उम्मीद है।

वरिष्ठ पत्रकार राजदीप के साथ बदसलूकी

Narendra Modi Speech in Madison Square, New York - Modi Us Tour
वरिष्ठ पत्रकार राजदीप सरदेसाई प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को कवर रहे थे तभी कुछ उत्साहित मोदी समर्थकों और उनके बीच किसी बात पर कहासुनी हो गई। बात इतनी बढ़ गई ‌कि राजदीप के साथ धक्कामुक्की भी की गई साथ ही उनके खिलाफ अपशब्दों का भी इस्तेमाल किया गया।

ये उस वक्त हुआ जब कार्यक्रम से पहले वह लोगों की प्रतिक्रिया जानने की कोशिश कर रहे थे। इससे पहले कि बात आगे बढ़ती मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने बीच बचाव कर मामले को संभाल लिया।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed