केन्द्रीय कर्मियों को गोवा-मनाली में मौज कराएगी मोदी सरकार
सातवें वेतन आयोग का बड़ा तोहफा जल्द मिलने की उम्मीद के बीच मोदी सरकार 50 लाख से ज्यादा केन्द्रीय कर्मचारियों को एक और तोहफा देने जा रही है।
मोदी सरकार की योजना केन्द्रीय कर्मचारियों को अपने खर्चे पर सालभर में एक बार हफ्ते भर के लिए गोवा, मनाली और गुलमर्ग जैसे पर्यटन स्थलों पर मौज कराने की है। इस योजना के जरिए सरकार की मंशा अपने कर्मचारियों को तनाव से मुक्ति दिलाने और जोखिम लेने की क्षमता में वृद्िध करने की है।
जिसे लिए गोवा में वाटर स्पोर्ट्स, गुलमर्ग में स्कीइंग और मनाली में रॉक क्लाइंबिंग जैसे रोमांचक खेलों का आयोजन करने के लिए विशेष कैंप लगाए जाएंगे।
सरकारी खर्चे पर लगने वाले इन कैंपों में शामिल होने के लिए केन्द्र सरकार के बाबुओं और अन्य कर्मचारियों को पांच से सात दिन की छुट्टी दी जाएगी।
कर्मचारियों को मिलेगी विशेष छुट्टी
इस सारी योजना को अमली जामा पहनाने की जिम्मेदारी डीओपीटी विभाग को दी गई है। बताया जा रहा है कि विभाग की ओर से इस संबंध में निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं। इस योजना के लिए सरकार ने छह संस्थानों को चुना है।
जिनमें हिमाचल प्रदेश का अटल बिहारी वाजपेयी इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग एंड एलाइड स्पोर्ट्स, गोवा का नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वाटर स्पोर्ट्स, उत्तर काशी का नेहरू इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग और जम्मू कश्मीर का इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ स्कीइंग एंड मांउटेनियरिंग शामिल हैं।
विभाग द्वारा दी गई सूचना के अनुसार कैंप के दौरान माउंटेनियरिंग, रॉक क्लाइंबिंग, ट्रैकिंग, स्कीइंग, सर्फिंग, नौकायन, गोताखारी और पैरा ग्लाइडिंग शामिल हैं।