सात समंदर पार मोदी को पसंद आया ये खास शहर
यूएई के मसदर शहर की तरह देश में स्मार्ट शहरों की परिकल्पना को आकार देने में भले ही लंबा वक्त लगेगा लेकिन प्रदूषण रहित इस शहर से सबक लेने और आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करने को लेकर केंद्र सरकार इच्छुक है।
इस शहर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिलचस्पी को देखते हुए शहरी विकास मंत्रालय के अधिकारी पीएम के यूएई दौरे को स्मार्ट शहरों की परिकल्पना के लिए महत्वपूर्ण मान रहे हैं।
दरअसल केंद्र सरकार निकट भविष्य में स्मार्ट शहरों के नाम उजागर करने की तैयारी में है। ऐसे में पीएम मोदी के मसदर शहर के बारे में बारीकी से जानकारी लेना महत्वपूर्ण है।
उल्लेखनीय है कि पीएम ने शहर का जायजा लेते हुए एक ट्वीट किया कि वे शहरी विकास और अगली पीढ़ी के शहरी आयाम के बारे में मसदर सिटी में चर्चा कर रहे हैं।
यूएई का स्मार्ट और प्रदूषण रहित शहर है मसदर
उल्लेखनीय है कि मसदर शहर को यूएई के स्मार्ट और प्रदूषण रहित शहर के तौर पर भी जाना जाता है। पीएम ने वहां शहर की ढांचागत व्यवस्था, शून्य कार्बन उत्सर्जन प्रणाली में बारे जानकारी ली। जिसे भारत के परिप्रेक्ष्य में भविष्य के शहरी परियोजनाओं के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
स्वच्छ तकनीक और विज्ञान एवं प्रोद्यौगिकी से लैस मसदर शहर यूएई की राजधानी अबू धाबी से 17 किलोमीटर दूर है। शहर की आधुनिकता और विज्ञान के चमत्कार को देखकर ही मसदर शहर के आगंतुक पुस्तिका में मोदी ने लिखा है कि विज्ञान ही जीवन है। मसदर शहर में कार्बन उत्सर्जन करने वाली गाड़ियों का प्रवेश वर्जित है।
शहर के अंदर बैट्री चलित गाड़ियों से ही आवागमन की व्यवस्था है जबकि शहर के तापमान को नियंत्रित करने, सौर ऊर्जा के दोहन के लिए भी अत्याधुनिक व्यवस्थाएं हैं।