पीएम मोदी हुए सख्त, शीर्ष नौकरशाही में फेरबदल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केंद्रीय मंत्रिमंडल में फेरबदल की चर्चाओं के बीच मोदी सरकार ने शीर्ष स्तर पर नौकरशाही में भारी बदलाव किया है। बुधवार को मंत्रालय के कामकाज की समीक्षा के लिए बुलाई गई उच्च स्तरीय बैठक के महज दो दिन बाद सरकार ने कई मंत्रालयों के सचिवों को बदल दिया है।
इस क्रम में संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सचिव रहे राकेश गर्ग को कम महत्व के अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि अनुसूचित जनजाति मंत्रालय के सचिव को राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग का सचिव बना दिया गया है।
कैबिनेट की नियुक्ति संबंधी कमेटी ने कृषि, खाद्य प्रसंस्करण, लघु एवं सूक्ष्म उद्योग और सामाजिक न्याय मंत्रालय के लिए भी नए सचिवों की नियुक्ति की है। माना जा रहा है कि नौकरशाही में शीर्ष स्तर पर फेरबदल कर प्रधानमंत्री मोदी ने इसी बहाने मंत्रियों को हर हाल में कामकाज में गति लाने का संदेश दिया है।
कॉल ड्रॉप मामले को लेकर गर्ग को हटाया
गौरतलब है कि बीते बुधवार को शुरू की गई समीक्षा बैठक को प्रधानमंत्री ने अब हर महीने के अंतिम बुधवार को बुलाने का निर्णय लिया है। सरकारी
सूत्रों का कहना है कि बुधवार को शीर्ष स्तर पर किए गए 10 फेरबदल मुख्य
रूप से अधिकारियों के जल्द सेवानिवृत्त होने से जुड़ा है।
कृषि, खाद्य
प्रसंस्करण, लघु-सूक्ष्म उद्योग और सामाजिक न्याय मंत्रालय के सचिव जल्द
सेवानिवृत्त होने वाले हैं। मगर जहां तक अन्य बदलाव की बात है तो यह
सीधे-सीधे संबंधित अधिकारी के प्रदर्शन से जुड़ा है। फेरबदल की खास बात
मध्य प्रदेश काडर की अधिकारी अरुण शर्मा को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति में
लाते हुए उन्हें इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग का सचिव तो कर्नाटक काडर की शोभना
पटनायक को सीधे कृषि मंत्रालय का सचिव बनाया जाना है।
कॉल ड्रॉप के कारण संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के कामकाज से प्रधानमंत्री खुश नहीं थे, जबकि अनुसूचित जनजाति मंत्रालय भी पीएम की इच्छाओं के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर पा रहा था। राकेश गर्ग के स्थान पर सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के नए सचिव बनाए गए जेएस दीपक उनसे दो साल जूनियर हैं। हालांकि दीपक इसी मंत्रालय से जुड़े इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के सचिव रहते अपने प्रदर्शन से सरकार को प्रभावित करने में सफल रहे हैं।
किसको क्या मिला
जेएस दीपक - इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के सचिव से सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सचिव
राकेश गर्ग - सूचना प्रौद्योगिकी सचिव से अल्पसंख्यक मंत्रालय के सचिव
अरुणा शर्मा - इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग की सचिव (केंद्रीय प्रतिनियुक्ति)
शोभना पटनायक - कृषि सचिव (केंद्रीय प्रतिनियुक्ति)
अविनाश श्रीवास्तव - कृषि मंत्रालय के विशेष सचिव से खाद्य प्रसंस्करण मंत्रालय सचिव
केके जालान - सेंट्रल पीएफ कमिश्नर से लघु-सूक्ष्म उद्योग मंत्रालय सचिव
विनोद अग्रवाल - अनुसूचित आयोग के सचिव से सामाजिक न्याय मंत्रालय सचिव
श्याम शरण अग्रवाल - जनजाति आयोग के सचिव से जनजाति मंत्रालय के सचिव
अरुण झा - जनजाति मंत्रालय के सचिव से जनजाति आयोग की सचिव