'मोदी सरकार पटेल की विरासत चुराने वाली चोर'
सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती को धूमधाम से मनाने और इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि के कार्यक्रम की उपेक्षा का आरोप लगाकर कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा प्रहार किया है।
कांग्रेस ने कहा है कि यह घृणित है और मोदी सरकार की छोटी सोच को दर्शाता है। इंदिरा का अपमान बताते हुए कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर ने तो यहां कह दिया कि मोदी सरकार पटेल की विरासत चुराने वाले चोर हैं।
वहीं भाजपा ने इसका जवाब देते हुए कहा है कि कांग्रेस इतिहास को सिर्फ नेहरू-गांधी परिवार के परिप्रेक्ष्य में देखना चाहती है। कांग्रेस ने इंदिरा के योगदान की अनदेखी का सरकार पर आरोप लगाया है।
साथ ही पार्टी ने बाकायदा अखबारों में पूर्व प्रधानमंत्री की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि देने के लिए अखबारों में विज्ञापन देकर एनडीए सरकार को जवाब देने की कोशिश की है।
टि्वटर के जरिए दी इंदिरा गांधी को श्रद्घांजलि
इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर उनके स्मारक शक्ति स्थल पर आयोजित समारेाह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नहीं पहुंचे। हालांकि प्रधानमंत्री ट्विटर के जरिए और विजय चौका पर कार्यक्रम में भाषण के दौरान देश की पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित की।
गौरतलब है कि यूपीए सरकार के कार्यकाल में इस दिन को इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि के तौर पर काफी प्रचार के साथ मनाया जाता रहा है। लेकिन वर्तमान सरकार ने इसके बदले पटेल की जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाने का फैसला किया। कांग्रेस ने मोदी पर सरदार पटेल की विरासत पर कब्जा जमाने का आरोप लगाया।
आरोप खारिज करते हुए केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडु ने कहा कि पटेल किसी एक दल के नहीं जबकि सबके लिए रोल मॉडल हैं। उन्होंने कहा कि किसी नेता का अपमान करने का सवाल नहीं उठता। भाजपा प्रवक्ता नलिन कोहली ने कहा कि कांग्रेस इस पर भी राजनीति कर रही है।