ऑस्ट्रेलिया में चली 'मोदी एक्सप्रेस'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जादू विदेश दौरे के दौरान वहां बसे भारतीयों पर जमकर चल रहा है। इसका नजारा जापान, अमेरिका के बाद अब ऑस्ट्रेलिया में भी दिखाई दे रहा है।
ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर आए प्रधानमंत्री मोदी के नाम पर एक विशेष ट्रेन मेलबर्न से सिडनी पहुंची। तिरंगे के रंग से रंगी मोदी एक्सप्रेस नामक ट्रेन को विक्टोरिया के बहु सांस्कृतिक मामलों के मंत्री ने मेलबर्न के प्रमुख रेलवे और माल ढुलाई साउदर्न क्रास स्टेशन से रवाना किया गया था।
मेलबर्न के इतिहास में पहली बार किसी प्रधानमंत्री के नाम पर ट्रेन चलाई गई है। ट्रेन में सवार 220 से अधिक भारतीय सिडनी के ऑलफोंस एरेना में होने वाले समारोह में शामिल होंगे। यहां पर पीएम मोदी 15000 से अधिक भारतीयों को संबोधित करेंगे। चार बोगी वाली यह ट्रेन 800 किमी से अधिक दूरी तय कर सोमवार सुबह सिडनी पहुंची।
मेलबर्न से सिडनी ट्रेन रवाना
ट्रेन के रवाना किए जाने के वक्त 400 से अधिक भारतीय मौजूद थे। ट्रेन में सवार भारतीय मोदी की तस्वीर वाली टीशर्ट पहने हुए थे और मोदी मोदी के नारे लगा रहे थे। साथ ही देशभक्ति के गाने पर नाच भी रहे थे।
इसके अलावा कई ऑस्ट्रेलियाई राजनीतिक नेता भी इस अवसर पर उपस्थिति थे। पंजाब से संबंध रखने वाले और एडीलेड से यहां पहुंचे 60 वर्षीय भारतीय दंपति भूपिंदर और गुन्नी सिंह ने कहा कि मोदी हमारे नेता हैं और उन्होंने हमें उम्मीद बंधाई है।
इस यात्रा का हिस्सा बनने से हम काफी खुश हैं। स्थानीय भारतीय मैगजीन द इंडियन वीकली के संपादक गुरबीर सेठी ने कहा कि यह ऐतिहासिक हैं और हम हमारे प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा से काफी प्रसन्न हैं। ट्रेन में सवार लोगों को मोदी ढोकला और मोदी फाफड़ा जैसे व्यंजन मुफ्त में परोसे जाएंगे।