मोदी ने किया ब्रेट ली को 'क्लीन बोल्ड'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बंद गले वाला सूट 4 करोड़ 31 लाख में बिक गया, लेकिन हैरानी भरी बात यह रही कि सूट के बाजू में नीलामी के लिए रखी गई ब्रेट ली की टी-शर्ट को किसी ने भी ज्यादा भाव नहीं दिया।
मोदी के नेवी ब्लू सूट की नीलामी की शुरुआत में ही भावनगर के हीरा व्यापारी ने इस पर एक करोड़ 41 लाख की बोली लगा दी थी। मगर सूट के बाजू में रखी ब्रेट ली की टी शर्ट पर अधिकतम 1500 से 2000 तक की ही बोली लगी।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह सूट गणतंत्र दिवस के मौके पर भारत आए अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की हैदराबाद हाउस में आगवानी के दौरान पहना था। इस सूट की कीमत के बारे में दावा किया गया था कि यह 10 लाख रुपए का है।
ब्रेट ली ने खुद मोदी को भेट की थी टी-शर्ट
नीलामी प्रक्रिया की आयोजन समिति के एक सदस्य ने बताया कि लोग यहां सिर्फ मोदी का सूट देखने और उस पर बोली लगाने आए थे। उन्होंने बताया कि यहां पर ब्रेट ली की टी-शर्ट भी थी, लेकिन उसकी नीलामी की रकम काफी कम रखी गई थी।
उन्होंने बताया कि करीब 40 से 50 लोगों ने ही इस टी शर्ट को तवज्जो दी, उन्होंने इसकी कीमत 1,500 से 2,000 के बीच लगाई। आप को बता दें कि यह वही टी-शर्ट है जो ब्रेट ली ने खुद मोदी को उस वक्त भेंट की थी जब वो पिछले साल नवंबर के महीने में आस्ट्रेलिया के दौरे पर गए थे।
वहीं सूरत के एक हीरा व्यापारी जिसने मोदी के सूट पर 1.39 करोड़ तक की बोली लगा दी उसने भी क्रिकेट आस्ट्रेलिया की इस पीले रंग इस पोशाक में कम रुचि ली।