'बिजली चोर' MLA को मिला ये बड़ा पद
बिजली चोरी में पकड़े गए महाराष्ट्र भाजपा विधायक सुरेश हलवांकर को ही बिजली सुधार की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
टीओआई की रिपोर्ट के अनुसार, महाराष्ट्र सरकार ने विधायक सुरेश हलवांकर को पॉवर लूम और कपड़ा उद्योग के लिए बनी सुधार समिति का चेयरमैन नियुक्त किया है। ईमानदार सरकार देने के वादे के साथ महाराष्ट्र की सत्ता पाने वाली बीजेपी सरकार का यह कदम चौंकाने वाला है।
गौरतलब है कि विधायक सुरेश को स्थानीय कोर्ट की ओर से बिजली चोरी का दोषी ठहराया जा चुका है। बिजली चोरी के मामले में उन्हें जेल की सजा तय है। लेकिन उन्होंने कोर्ट के फैसले पर रोक लगाने हेतु उच्च न्यायालय से स्टे लिया हुआ है।
21 लाख की बिजली चोरी के दोषी हैं सुरेश
रिपोर्ट के अनुसार, विधायक सुरेश को 21 लाख की बिजली चोरी के मामले में तीन साल जेल की सजा मिली हुई है। 14 मई 2014 को सुरेश और उनके भाई को बिजली चोरी के अरोप में कोल्हापुर कोर्ट ने दोषी ठहराया था।
महाराष्ट्र में बिजली सप्लाई करने वाली प्रमुख कंपनी ने कोल्हापुर कोर्ट में सुरेश की शिकायत करते हुए कहा था वह बिजली चोरी में सीधे तौर पर संलिप्त हैं। विधायक सुरेश के साथ उनके भाई माधव को भी तीन साल की सजा मिली हुई है।
गौरतलब यह भी है सुप्रीम कोर्ट से दोषी नेताओं को लेकर निर्देश हैं कि जो भी व्यक्ति आपराधिक मामलों में दोषी पाया जाएगा वह चुनाव नहीं लड़ सकेगा। लेकिन विधायक सुरेश सुप्रीम कोर्ट के निर्देश को भी दरकिनार कर चुनाव लड़े और विधायक बन महाराष्ट्र सरकार में शामिल हो गए।