एक और 'बदायूं कांड', बच्ची से दरिंदगी
पश्चिम बंगाल में उत्तर प्रदेश के बदायूं कांड जैसी घटना सामने आई है। राज्य के पूर्व मेदिनीपुर जिले में पहली कक्षा की एक छात्रा के साथ सामूहिक बलात्कार के बाद उसकी हत्या कर दी गई। उसका शव बृहस्पतिवार को सुबह एक पेड़ से लटकता पाया गया।
इस घटना से उत्तेजित गांव वालों ने इस मामले के तीनों आरोपियों की जमकर पिटाई की। इस पिटाई से रतन दास नामक मुख्य आरोपी की मौत हो गई है जबकि बाकी दो अस्पताल में भर्ती हैं।
यह घटना नंदकुमार थाने के कालीबाजार गांव की है। पुलिस अधीक्षक सुकेश कुमार जैन ने बताया कि छात्रा के पिता ने बृहस्पतिवार को स्थानीय थाने में तीन लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट लिखाई है। पुलिस ने बलात्कार और हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
पेड़ पर लटका मिला छात्रा का शव
छात्रा बुधवार शाम को घर से दुकान जाने के लिए निकली थी। लेकिन काफी देर बाद भी जब वह घर नहीं लौटी तो घर वालों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
बृहस्पतिवार तड़के गांव के पास एक पेड़ पर लटका उसका शव बरामद किया गया। उसके घरवालों ने जब इस मामले में तीन लोगों के शामिल होने का संदेह जताया तो पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही उत्तेजित गांव वालों ने आरोपी रतन और उसके दो साथियों पर हमला कर उनकी पिटाई कर दी।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि तीन आरोपियों में से एक की मौत हो गई है। छात्रा और रतन के परिवारों में पुरानी दुश्मनी थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही पता चलेगा कि छात्रा की हत्या के बाद उसे पेड़ पर लटकाया गया था या उसके पहले।