फ्लाइट विलंब मामले में पीएमओ के दखल के बाद मंत्रियों ने मांगी माफी
यात्री विमान की उड़ान विलंब कराने में केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री की कथित भूमिका के मामले में पीएमओ ने जैसे ही दखल दिया मंत्रियों ने माफी मांगना शुरू कर दिया।
गौरतलब है कि फ्लाइट लेट कराने में कथित तौर पर केंद्रीय मंत्री किरन रिजिजू और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस और जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री निर्मल सिंह का नाम आया है।
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने इसे गंभीरता से लेते हुए नागरिक उड्डयन मंत्रालय से रिपोर्ट मांगी तो केंद्रीय मंत्री अशोक गजपति राजू माफी मांगने लगे।
रिजिजू ने मांगी माफी
राजू ने कहा, ‘हम उन सभी यात्रियों से माफी मांगते हैं जिन्हें असुविधा
हुई। हम जांच करा रहे हैं कि किसी नियम का उल्लंघन हुआ था या नहीं। यदि हुआ
था, तो क्यों।’ फ्लाइट में विलंब होने को लेकर केंद्रीय मंत्री किरन
रिजिजू ने भी माफी मांगी है।
देरी से पहुंचने के कारण कुछ यात्रियों के
विमान में नहीं बैठने देने की बात के प्रति अनभिज्ञता जताते हुए रिजिजू ने
कहा, ‘ फ्लाइट में विलंब होने पर हम माफी मांगते हैं। एयर इंडिया एक
सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी है।
मंत्री के रूप में यह हमारी नैतिक
जिम्मेदारी है कि यदि किसी यात्री को असुविधा हुई है तो हम सरकार की ओर से
उससे माफी मांगे। हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि भविष्य में ऐसी घटना
दोबारा नहीं होगी।’
ये है मामला
पीएमओ के रुख को भांपते हुए बृहस्पतिवार को नागरिक
उड्डयन मंत्रालय ने एयर इंडिया से इस मामले में पहले ही रिपोर्ट मांग ली
थी। बीते 29 जून को मुंबई से अमेरिका के नेवार्क
जाने वाले एयर इंडिया की एक फ्लाइट 57 मिनट लेट हुई।
इस फ्लाइट में सवार
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस के प्रधान सचिव प्रवीण परदेशी
अपना पुराना पासपोर्ट घर भूल आए थे। घर से पासपोर्ट पासपोर्ट मंगवाने के
चक्कर में एयर इंडिया की उड़ान करीब एक घंटे लेट हुई।
इससे पहले 24 जून को
एयर इंडिया की लेह से दिल्ली आने वाली फ्लाइट में किरन रिजिजू को सीट
दिलवाने के चक्कर में उड़ान में एक घंटे की देरी हुई।
फड़नवीस माफी मांगे: चव्हाण
आरोप हैं कि रिजिजू
के निजी सचिव को सीट दिलवाने के लिए एक बच्चा समेत तीन यात्रियों को कथित
तौर पर विमान में सीट देने से इंकार कर दिया गया था।
वहीं इस मामले में कांग्रेस नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने कहा कि विमान में सवार 200 यात्रियों को असुविधा पहुंचाने
वाले सीएम देवेंद्र फड़नवीस को माफी मांगनी चाहिए।
यदि सीएम ने विमान को
देरी से उड़ने का अनुरोध किया था, तो उन्हें माफी जरूर मांगनी चाहिए।
सुरक्षा कारणों को छोड़कर कोई व्यक्ति किसी उड़ान में विलंब नहीं करा सकता।
पायलट पर भड़के डिप्टी सीएम निर्मल सिंह
एयर इंडिया
के विमान को विलंब कराने समेत तीन यात्रियों को सीट नहीं देने के मामले
में अपना नाम आता देख जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री निर्मल सिंह ने पायलट
पर निशाना साधा है।
उन्होंने 24 जून को लेह से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट के
पायलट और स्टॉफ के कठोर रवैये की निंदा की है। डिप्टी सीएम ने सफाई देते
हुए कहा कि कुछ लोगों को विमान में बैठने से रोका गया, क्यों वह लोग देर से
पहुंचे थे।
बताया कि पायलट सारन ने समय से पहले ही दरवाजा बंद करने का
आदेश दे दिया था। देरी के बहाने विमान में संभवत: कुछ यात्रियों को जगह दी
गई थी।
निर्मल के मुताबिक जब उन्होंने पायलट को समझाने की कोशिश की तो उसने
अनुचित व्यवहार किया। यह भी बताया कि वह उड्डयन मंत्री अशोक गजपति राजू को
पत्र लिखकर पायलट के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग कर चुके हैं। बताया कि
पायलट के कारण न केवल एयर इंडिया की प्रतिष्ठा पर आंच आई, बल्कि यात्रियों
को असुविधा का भी सामना करना पड़ा।