अरुणाचल में उग्रवादी हमला, 3 जवान शहीद, 4 घायल
अरुणाचल प्रदेश के तीरप जिले में एनएससीएन उग्रवादियों के घात लगाकर किए गए हमले में तीन सैन्य कर्मी शहीद हो गए।
इस हमले में चार सैनिक घायल भी हुए हैं। घायलों को सेना के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सेना के सूत्रों के मुताबिक, उग्रवादी संगठन एनएससीएन के दो धड़ों आईएम और के में से किसी एक पर इस हमले का संदेह है। एसएस खापलांग के नेतृत्व वाले एनएससीएन के धड़े ने हाल ही में सरकार के साथ चला आ रहा संघर्ष-विराम खत्म कर दिया था।
असम के तिनसुकिया से लौट रहा था काफिला
तीरप के एसपी अजित कुमार सिंगला ने बताया कि खोंसा-लोंगडिंग रोड पर टूपी गांव के पास सुबह करीब छह बजे सेना के एक काफिले में सबसे पीछे चल रहे वाहन को उग्रवादियों ने निशाना बनाया।
यहां से 530 किलोमीटर पूर्व में स्थित खोंसा में रात्रि विश्राम के बाद सुबह राजपूत रेजीमेंट का यह काफिला लोंगडिंग स्थित सेना के कैंप लौट रहा था।
सिंगला के मुताबिक, ‘चार वाहनों का यह काफिला पड़ोसी राज्य असम के तिनसुकिया से आ रहा था। इसमें शामिल अधिकतर जवान अपने गृह राज्य से छुट्टियां बिताने के बाद ड्यूटी पर लौट रहे थे।’ हमले में घायल हुए जवानों को सेना के अस्पताल में भर्ती कराया गया है जबकि तीन जवानों की मौत मौके पर ही हो गई थी।