माइक्रोसॉफ्ट पांच लाख गांवों तक पहुंचाएगी सस्ती टेक्नोलॉजी
डिजिटल इंडिया अभियान को देश के हर कोने तक पहुंचाने के लिए माइक्रोसॉफ्ट भी भारत के साथ मिलकर काम करेगा। कंपनी के सीईओ सत्य नडेला ने बताया कि उनकी कंपनी सस्ती ब्रॉडबैंड तकनीक को देश के पांच लाख से भी ज्यादा गांवों तक पहुंचाएगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सम्मान में आयोजित डिनर समारोह में उन्होंने बताया कि इसके लिए वह भारत सरकार के साथ मिलकर काम करेंगे। माइक्रोसॉफ्ट के पहले भारतीय मूल के सीईओ नडेला ने कहा, ‘सस्ती ब्रॉडबैंड तकनीक और उसके साथ क्लाउड कंप्यूटिंग इंटेलिजेंस को बढ़ावा देकर रचनात्मकता, कार्यकुशलता और उत्पादकता को बढ़ावा दिया जा सकता है।
इससे बाजार में सस्ते उत्पाद और सेवाएं मिलेंगी। इससे सभी भारतीयों को खुद को साबित करने का मौका भी मिलेगा। उन्होंने बताया कि अगले हफ्ते कंपनी भारत के डेटा सेंटरों से बाहर के क्षेत्र में काम कर रहीं क्लाउड सर्विस के बारे में जानकारी साझा करेंगे।
पीएम मोदी का विजन एकदम सही : नडेला
नडेला ने कहा कि मेक इन इंडिया और डिजिटल इंडिया का मुख्य लक्ष्य विश्व स्तर के इंफ्रास्ट्रक्चर को भारत में लाना है। यह यहां की डिजिटल सुरक्षा, संप्रभुता और निजता को ध्यान में रखकर किया जा रहा है, जो कंपनी के लिए एक बड़ा कीर्तिमान है।
एक न्यूज चैनल से बात करते हुए माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ ने कहा कि भारत के पास विश्व स्तर के उद्यमी हैं और मानव पूंजी है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए नडेला ने कहा कि उनका विजन और इसे आगे ले जाने के लिए उनका एजेंडा एकदम सही है।
अंतरराष्ट्रीय फर्मों को भारत में पेश आने वाली तकनीकी दिक्कतों को लेकर नडेला ने कहा कि कंपनी भारत में 20 साल से भी ज्यादा समय से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि हम हर देश के अधिकारों का सम्मान करते हैं।