फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   News Archives ›   India News Archives ›   Meerut Modi's rally, the risk of this?

कंबल बन सकते हैं मोदी के लिए खतरा

Sat, 01 Feb 2014 04:53 PM IST
Updated Sat, 01 Feb 2014 04:53 PM IST
विज्ञापन
Meerut Modi's rally, the risk of this?

मेरठ में 2 फरवरी को होने वाली बीजेपी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी की रैली में कंबल एक सबसे बड़ा खतरा बन गया है।

विज्ञापन


सुरक्षा एजेंसियों को रैली में कंबल ओढ़कर आने वाले लोगों को लेकर खास सतर्कता बरतने को कहा गया है। मुजफ्फरनगर दंगों के चलते मोदी की मेरठ रैली को अतिसंवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। रैली स्थल पर सुरक्षा के लिए 2 कमांडो टीम के साथ बड़ी संख्या में फोर्स तैनात की गई है।

एडीजी कानून एवं व्यवस्था मुकुल गोयल ने बताया कि पश्चिम यूपी में पिछले कुछ महीनों में जो घटनाक्रम हुआ है उसको मद्देनजर रखते हुए नरेंद्र मोदी की रैली में खास सतर्कता बरतने को कहा गया है। सप्ताह भर पहले से ही रैली स्थल पर पीएसी की एक कंपनी कैंप कर रही है। आईजी जोन मेरठ को इस रैली की सुरक्षा का प्रभारी बनाया गया है।
विज्ञापन

कितनी सुरक्षा में होंगे मोदी

Meerut Modi's rally, the risk of this?

एडीजी एलओ ने बताया कि सर्दी के मौसम में पश्चिम यूपी में कंबल ओढ़ने का खासा चलन है। रैली वाले दिन भी बड़ी संख्या में लोगों के कंबल ओढ़कर आने की संभावना है।

कंबल की आड़ में अराजक तत्व या गैरकानूनी सामान रैली स्थल पर न पहुंच जाए इसका खास ध्यान रखने को कहा गया है। इसके लिए पुलिस के अलावा दूसरी सुरक्षा और खुफिया एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया है।

पुलिस मुख्यालय की तरफ से दी गई फोर्स
एडीजी एलओ ने बताया कि मोदी की रैली के लिए मेरठ जोन की फोर्स के अलावा मुख्यालय से फोर्स मांगी गई थी।

मुख्यालय की तरफ से 2 एसपी, 10 अडिशनल एसपी, 20 डिप्टी एसपी, 12 इंस्पेक्टर, 150 सब इंस्पेक्टर, 450 कॉन्स्टेबल, 22 ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर, 15 ट्रैफिक हेड कॉन्स्टेबल, 10 कंपनी पीएसी, 20 हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर, 25 डोर फ्रेम्ड मेटल डिटेक्टर, तीन एंटि-सबटाज टीम, 2 बम डिस्पोजल स्क्वॉड और एटीएस की 2 कमांडो टीम दी गई हैं।

विपक्षी दलों की है मोदी रैली पर नजर

Meerut Modi's rally, the risk of this?

भाजपा की विजय शंखनाद रैली पर विपक्षी दलों की भी पूरी नजर है। माना जा रहा है कि दो फरवरी को मेरठ में होने वाली रैली में नरेंद्र मोदी पश्चिम के हर महत्वपूर्ण मसले पर बोलेंगे। इसमें गन्ने का मुद्दा प्राथमिकता पर रखे जाने की संभावना है।

सबसे महत्वपूर्ण यह है कि वह मुजफ्फरनगर दंगों पर कितना और क्या बोलेंगे? इस पर सभी की निगाहें टिकी हैं। युवा मतदाताओं में जोश भरने के लिए वह उनकी नब्ज के हिसाब से शब्दों के बाण छोड़ सकते हैं। इसके अलावा जाट आरक्षण के मुद्दे को भी उनके भाषण का अहम हिस्सा माना जा रहा है।

अब तक की रैलियों में मोदी ने अपने भाषणों में कड़े प्रहार किए हैं। पश्चिम में मोदी की रैली राजनीतिक तौर पर काफी अहम है। दंगे के बाद के हालात में मोदी की रैली के मायने और अधिक हैं। 11 फरवरी को सहारनपुर में सपा की रैली होनी है। संभावना है कि पश्चिम के बड़े नेता रशीद मसूद सपा में शामिल होंगे। इसलिए भाजपा मोदी के जरिए इस मामले में पहले से ही सपा पर हमले बोल सकती है।

विज्ञापन

जाट आरक्षण पर खूब बोलेंगे मोदी!

Meerut Modi's rally, the risk of this?

जाट आरक्षण पर खूब बोलेंगे मोदी!
दिसंबर में मेरठ में संकल्प रैली कर रालोद ने अपने परंपरागत वोटों को अपने साथ दिखाने का प्रयास किया था। संभावना है कि मोदी अपने भाषण में जाट आरक्षण पर खूब बोलेंगे। इसके लिए राज्यों में भाजपा द्वारा जाटों को दिए गए आरक्षण का हवाला दिया जा सकता है। उत्तर प्रदेश में भी भाजपा के शासन काल में जाटों को आरक्षण दिया गया था।

गन्ने से कई पर साधेंगे निशाना:
पिछले कई भाषणों में मोदी गन्ना किसानों के दर्द को बखूबी उठा चुके हैं। पश्चिम की राजनीति में गन्ने के महत्व को देखते हुए रैली में गन्ने का मुद्दा खूब उठाए जाने की संभावना है। दरअसल, भाजपाइयों का मानना है कि गन्ना किसानों की हालत के लिए प्रदेश सरकार को जिम्मेदार बताते हुए केंद्र सरकार और रालोद को भी घेरा जा सकता है। बकाया भुगतान न होने से परेशान गन्ना किसान की दुखती रग पर हाथ रखना चुनावी लाभ दे सकता है।

आप फैक्टर भी छाया रहेगा:
एनसीआर में होने के कारण रैली में आप फैक्टर भी छाए रहने की उम्मीद है। भाजपा के भीड़ के दावों पर गौर किया जाए तो पश्चिम में अब तक की यह सबसे बड़ी रैली साबित होगी। दंगों के बाद बदले हालात में पश्चिम में भाजपा को लाभ मिलने की बात भी कही जा रही है। फायदे की इस बुनियाद को और मजबूत करने के लिए मोदी के भाषण में राष्ट्रीय से ज्यादा पश्चिम से जुड़े मामले प्रमुख रहने की उम्मीद है।

क्रांति से जोश भरने की उम्मीद

Meerut Modi's rally, the risk of this?

मंगल पांडे से इतिहास जुड़ा होने के कारण मोदी अपने भाषण में आजादी की पहली लड़ाई का जिक्र कर जोश भर सकते हैं। स्लाटर हाउस खोलने के मुद्दे पर भी मोदी के बोल तीखे हो सकते हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश सैनिक प्रकोष्ठ के संयोजक कर्नल राजीव का कहना है कि सैनिकों से संबंधित कई मांगों को लेकर पार्टी नेतृत्व को अवगत कराया गया है। एनसीआर में राष्ट्रीय शहीद स्मारक के निर्माण की घोषणा करने की भी मांग की गई है।

उद्योग, रोजगार और विकास:
मेरठ सहित कई जिलों में परंपरागत उद्योग भी समय के साथ दम तोड़ गए। गुजरात के औद्योगिक विकास का हवाला देकर यहां पर उद्योग और युवाओं के रोजगार को मुद्दा बनाया जा सकता है। यहां भी गन्ने से जोड़कर गुड़ और खांडसारी उद्योग का विशेष तौर पर जिक्र हो सकता है।

बड़े चौधरी और टिकैत भी:
मोदी अपने भाषण में पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह और दिग्गज किसान नेता महेंद्र सिंह टिकैत का भी जिक्र कर सकते हैं। माना जा रहा है कि किसान बिरादरी को अपने पाले में करने के लिए यह दो नाम अहम साबित होंगे।

मुस्लिम वोटों के ध्रुवीकरण को लेकर भाजपा सतर्क

Meerut Modi's rally, the risk of this?

मोदी की रैली को लेकर भाजपा में जितना उत्साह है, उतना ही सतर्कता भी है। भाजपा अपनी ताकत का तो अहसास कराना चाहती है, लेकिन ऐसा कोई बयान नहीं देना चाहती, जिससे मुस्लिम वोटों का ध्रुवीकरण हो जाए।

पिछले चुनाव पर नजर डालें तो रालोद गठबंधन से उसने इसी का फायदा उठाया। मेरठ हापुड़ लोकसभा सीट पर भाजपा के राजेंद्र अग्रवाल बसपा के मलूक नागर से करीब 47 हजार वोटों से जीते। लेकिन इस जीत में मुस्लिम वोटों का बिखराव, भाजपा का रालोद से गठबंधन और मलूक नागर से गुर्जर समाज की कुछ कारणों से नाराजगी को अहम माना गया। सपा से उस बार भी प्रत्याशी रहे शाहिद मंजूर को 1.83 लाख वोट मिले थे। निर्दलीय चुनाव लड़े शाहिद अखलाक को 34 हजार वोट प्राप्त हुए थे। मलूक नागर को मुस्लिम वोट भी अच्छी संख्या में मिला था।

लेकिन इस बार परिस्थिति भाजपा के उतना अनुकूल नहीं है। भाजपा का रालोद से गठबंधन नहीं है। वहीं बसपा से मुस्लिम प्रत्याशी के रूप में शाहिद अखलाक सामने हैं। ऐसे में दलित वोटों के साथ यदि मुस्लिम मतों का ध्रुवीकरण हो जाता है, तो भाजपा को भारी पड़ सकता है। इसी को देखते हुए भाजपा हर कदम बहुत सोच समझ कर उठा रही है। चार दिन पूर्व अल्पसंख्यक मोर्चा के सम्मेलन में मंच पर नमाज का मामला भी तूल पकड़ गया था। मोदी खेमे ने तो इसे अलग ही नजरिये से पेश किया है। भाजपा की इंडिया272डॉट कॉम पर मंच पर नमाज पढ़ने को प्रचारित करते हुए बताने की कोशिश की गयी है कि मोदी और मुसलमान अब करीब आ रहे हैं।

गुजरात पुलिस खींचेगी सुरक्षा का पाला

Meerut Modi's rally, the risk of this?

गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी की दो फरवरी की रैली में सुरक्षा का दारोमदार गुजरात पुलिस पर रहेगा। मंच के ‘डी’ एरिया में सिर्फ गुजरात पुलिस का विशेष दस्ता, एटीएस और कमांडो का कब्जा रहेगा। वहीं मोदी स्पेशल कमांडो की निगहबानी में भाषण देंगे, जबकि स्थानीय पुलिस, पीएसी और आरएएफ का काम भीड़ और ट्रैफिक को संभालने का होगा।

मोदी की रैली की सुरक्षा व्यवस्था परखने के लिए गुजरात पुलिस का दस्ता यहां पहुंच गया है। दस्ते में एक आईपीएस अफसर के नेतृत्व में एक दर्जन से ज्यादा हथियारबंद जवान हैं। नरेंद्र मोदी की पूर्व में हुईं रैली की तरह यहां भी गुजरात पुलिस ही सुरक्षा का जिम्मा संभालेगी। ‘डी’ में प्रशिक्षित और परखे हुए अफसरों को ही लगाया है।

मंच पर सुरक्षा की दृष्टि से पार्टी के सिर्फ कद्दावर नेताओं समेत सीएम सिक्योरिटी में तैनात कमांडो और एटीएस के अफसर मौजूद रहेंगे। मंच के चारों तरफ कमांडो और एटीएस का घेरा रहेगा।

मेरठ देहात और मुजफ्फरनगर सबसे ज्यादा संवेदनशील

Meerut Modi's rally, the risk of this?

नरेंद्र मोदी की रैली को देखते हुए मेरठ जोन का हर मार्ग संवेदनशील माना गया है। मेरठ देहात के इलाकों और मुजफ्फरनगर में खास सतर्कता के निर्देश दिए गए हैं। जोन के नौ जिलों से आने वाली भीड़ पुलिस, पीएसी और पैरा मिलेट्री फोर्स की निगहबानी से गुजरेगी।

मेरठ जिले से सटी दूसरे जिलों की सीमाओं, मुख्य और संपर्क मार्गों पर भी पुलिस, पीएसी और पैरा मिलेट्री फोर्स तैनात होगी। अमूमन बड़े आयोजन के दौरान आयोजन स्थल और उसके आसपास तो सुरक्षा बरती जाती है, लेकिन जिले के बाहरी इलाकों को खुला छोड़ दिया जाता है। रैली में आने और वापस लौटने के दौरान भीड़ अति उत्साह में नारेबाजी और हंगामा करते हुए चलती है, जिसका साइड इफेक्ट भी सामने आ जाता है। मुजफ्फरनगर में नंगला मंदौड़ पंचायत के बाद जौली नहर पर हुआ सांप्रदायिक संघर्ष और खेड़ा पंचायत के बाद हुआ बवाल इसके उदाहरण हैं। उस समय चूका पुलिस-प्रशासन नहीं चाहता कि मोदी की रैली के बाद भी सांप्रदायिक संघर्ष जैसे हालात बनें।

आईजी जोन आलोक शर्मा ने बताया कि जोन के सभी नौ जिलों के एसएसपी को हिदायत दी गई है कि उनके जिले की सीमा से लेकर दूसरे जिले की सीमा तक हर मुख्य और संपर्क मार्ग पर पर्याप्त पुलिस फोर्स तैनात रहे। सभी एसएसपी से इस संबंध में ड्यूटी चार्ट भी मांगा गया है। एक फरवरी को वह खुद जोन में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करेंगे।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed