मोदी पीएम बने तो पूरा देश गोधरा हो जाएगा: मायावती
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मैनपुरी में बसपा सुप्रीमो व पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने दलित-मुस्लिम गठजोड़ की वकालत करते हुए कहा कि यदि समाज के यह दोनों उपेक्षित वर्ग एक होकर बसपा को वोट दें तो पार्टी लोकसभा में बैलेंस ऑफ पावर बनकर उभरेगी। इसके बाद कोई भी विरोधी पार्टी उन्हें पीएम बनने से नहीं रोक सकती।
भाजपा, कांग्रेस और सपा को सांप्रदायिक पार्टी करार देते हुए उन्होंने कहा ये पार्टियां धर्म के आधार पर वोटरों को लुभाने की कोशिश करती हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री शनिवार को कुरावली के रामलीला मैदान में लोकसभा चुनाव में मैनपुरी से प्रत्याशी संघमित्रा मौर्य और एटा से प्रत्याशी इंजीनियर नूर मोहम्मद के समर्थन में आयोजित सभा को संबोधित कर रहीं थी।
'मोदी पीएम बने तो जलेगा देश'
उन्होंने भाजपा पर वार करते हुए उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी को पीएम पद का उम्मीदवार बताया जा रहा है। यह वही नेता है, जिसने सन 2002 में गोधरा को दंगे की आग में झोंक दिया था। अगर मोदी प्रधानमंत्री बने तो पूरा देश सांप्रदायिक दंगों की आग में जल उठेगा। कांग्रेस ने लंबे समय तक केंद्र और राज्य में शासन किया, इसके बाद भी दलितों और मुस्लिमों की स्थिति में कोई सुधार नहीं आया।
उन्होंने कहा कि बसपा शासन में प्रदेश के विकास के लिए कई योजनाएं और प्रस्ताव केंद्र के पास भेजे लेकिन कोई निर्णय नहीं लिया। कांग्रेस को पूंजीपतियों की पार्टी बताते हुए उस पर आम आदमी, दलितों और मुस्लिमों से छलावा करने वाला बताया।
बसपा सुप्रीमो ने कहा कि जितने सांप्रदायिक और जाति दंगे सपा के शासन में हुए उतने कभी नहीं हुए। प्रदेश में अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर है। ऐसी ताकतों को रोकने का एक मात्र विकल्प बसपा ही है।
'यूपी में गुंडा-माफिया का राज'
फर्रुखाबाद में भी बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा कि गलती से भी नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बन गए तो पूरा देश सांप्रदायिक दंगों की चपेट में आकर तबाह हो सकता है।
मायावती ने कहा कि बीएसपी अकेले दम पर यूपी की 80 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। किसी भी पार्टी से कोई समझौता नहीं है। देश में एससी, एसटी, ओबीसी व मुस्लिमों की सामाजिक-आर्थिक स्थितियों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। नए कानून बनाकर इन वर्गों के आरक्षण को खत्म करने के प्रयास हो रहे हैं। उन्होंने मुस्लिमों व अपर कास्ट के गरीबों को अलग से आरक्षण के लिए केंद्र सरकार को चिट्ठी लिखी थी। इसका जवाब नहीं दिया गया। केंद्र व राज्य में धन्ना सेठों व पूंजीपतियों की बदौलत सरकारें बनती रही हैं। उन्हें ही लाभ पहुंचाया जाता है।
उन्होंने कहा कि यूपी में गुंडा-माफिया राज है। उन्होंने मुजफ्फरनगर व शामली के दंगों पर भी प्रदेश सरकार को आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा कि बसपा यूपी की 17 जातियों को एससी, एसटी में शामिल करने की मांग कर रही है।