शरीफ ने माना पठानकोट हमले से बे-पटरी हुई भारत-पाक वार्ता
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पाकिस्तान ने भरोसा दिया है कि पठानकोट आतंकी हमले की जांच वह जल्द से जल्द पूरी कर लेगा। पाक के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने शनिवार को कहा कि भारत के साथ चल रही वार्ता प्रक्रिया भी इस आतंकी हमले की वजह से काफी प्रभावित हुई है।
पाक पीएम ने कहा कि पठानकोट हमले ने भारत के साथ वार्ता पर नकारात्मक असर डाला है। शरीफ ने कहा कि भारतीय पीएम नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के उनके देश के दौरे के बाद दोनों देशों की वार्ता सही दिशा में जा रही थी, मगर आतंकी हमले ने इसे बाधित कर दिया।
पत्रकारों से बातचीत में शरीफ ने कहा कि पठानकोट हमले की जांच फिलहाल जारी है और हम जल्द इसके बारे में खुलासा करेंगे। उन्होंने कहा कि हमले से संबंधित जो भी तथ्य सामने आएंगे, हम उन्हें सबके सामने लाएंगे।
गिरफ्तार संदिग्धों को आरोपी नहीं बनाया गया
उन्होंने कहा कि अगर पठानकोट आतंकी हमले में आतंकी संगठन जैश-ए-मुहम्मद के पाक की सरजमीं का इस्तेमाल होने की बात सामने आई, तो वह उसके खिलाफ कार्रवाई करने से नहीं हिचकेंगे।
शरीफ ने कहा कि यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम अपनी सरजमीं से होने वाले हमला करने वाले को बेनकाब करें। हम इसे जरूर करेंगे और इस मामले में हम जांच जल्द पूरी करेंगे।
शरीफ भले ही जांच जल्द पूरी करने का भरोसा दे रहे हों, मगर उनके देश के पंजाब के कानून मंत्री राणा सनाउल्लाह ने कहा है कि पठानकोट हमला मामले में गिरफ्तार किए गए संदिग्धों में से अभी तक किसी को भी आरोपी नहीं बनाया गया है। उन्होंने कहा कि पीएम शरीफ ने इस मामले में छह सदस्यीय जांच समिति गठित की है, जो हमले के तार जैश-ए-मोहम्मद से जुडे़ होने की भी जांच कर रही है।