दहेज का सामान तोड़ने पर पिटे दूल्हे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शादी की तैयारियां पूरी थीं। हर तरफ खुशी का माहौल था। कुछ देर में बारात आने वाली थी। घराती अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे थे। आखिरकार कुछ ही घंटों के समारोह पर पूरे परिवार की साख टिकी थी। जरा सी चूक इसमें बट्टा लगा सकती थी।
आखिरकार बारात आने की खबर मिली, तो घराती आवभगत में लग गए। आदर-सत्कार पर ध्यान दिया गया। कहीं कोई चूक रह गई, तो उसे दुरुस्त करने की कोशिश हुई। लेकिन उसके बाद जो हुआ, उसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी।
सलाखों के पीछे पहुंचे दोनों दूल्हे
यह शादी मथुरा की है, जिसने आज देश भर में सुर्खियां बटोर लीं। दो बहनों के साथ दो भाइयों की शादी होने वाली थी, लेकिन सोमवार रात शादी के समारोह में कुछ ऐसा हुआ, जिसके बाद अब वो दोनों सलाखों के पीछे हैं।
दरअसल, दूल्हों ने वधु पक्ष से दहेज में धन और सामान की मांग उठाई। उन्हें लग रहा था कि दबाव बढ़ाने से शायद बात बन जाएगी और दहेज का सामान बढ़ जाएगा। लेकिन उन्होंने गलत सोचा था और अब पछता रहे हैं। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हो गया।
कैश और मोटरसाइकिल की मांग
इस मामले को लेकर पहले वर और वधु पक्ष में बहस हुई और उसके बाद मारपीट शुरू हो गई। इस झगड़े में कुल छह लोगों के जख्मी होने की खबर है। पुलिस का कहना है कि बारात हाथरस से मंत मूला गांव आई थी।
सोमवार रात जैसे ही बारात समारोह स्थल पर पहुंची और दहेज का सामान देखा, तो उन्होंने हल्ला मचा दिया। पुलिस के मुताबिक दूल्हों और दूसरे बारातियों ने ज्यादा कैश और मोटरसाइकिल देने की मांग उठाई।
दुल्हनों की मां ने बताया माजरा
दुल्हनों की मां सत्तो ने कहा, "पर्याप्त दहेज देने के बावजूद दूल्हे मोटरसाइकिल और एक लाख रुपए कैश की बात कर रहे थे। क्योंकि यह मेरी दो बेटियों की शादी का सवाल था, सो हमने उन्हें मनाने की कोशिश की।"
सत्तो ने कहा, "हालांकि, जब उन्होंने दहेज का सामान तोड़ना शुरू किया, तो हमारे पास पुलिस को सूचना देने और उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के अलावा दूसरा कोई विकल्प नहीं बचा।"
दोनों पक्षों के छह लोग जख्मी
पुलिस के मुताबिक झगड़ होने की वजह से दोनों पक्षों के लोगों को चोटें आई हैं। इस मामले में घायल होने वाले लोगों की संख्या छह बताई जा रही है, जो अलग-अलग पक्षों के हैं।
यह लड़ाई तब तक जारी रही, जब तक पुलिस घटनास्थल पर नहीं पहुंच गई। कार्रवाई में दोनों दूल्हे रवि और अजीत को गिरफ्तार कर लिया गया है। दूल्हे हाथरस जिले के कुरसांदा गांव के रहने वाले हैं।