फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   News Archives ›   India News Archives ›   many ministers resignations in manmohan cabinet reshuffle today

मनमोहन कैबिनेट में इस्तीफों की झड़ी, बड़ा फेरबदल

Sun, 28 Oct 2012 11:48 AM IST
नई दिल्ली/अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली/अमर उजाला ब्यूरो Updated Sun, 28 Oct 2012 11:48 AM IST
विज्ञापन
many ministers resignations in manmohan cabinet reshuffle today

कम से कम दर्जन भर से ज्यादा नए चेहरों के साथ रविवार को यूपीए-दो सरकार के मंत्रिमंडल में सबसे बड़े फेरबदल को अंजाम दिया जाएगा। अंबिका सोनी, मुकुल वासनिक और सुबोध कांत सहाय समेत सात केंद्रीय मंत्रियों का शनिवार को इस्तीफा मंजूर होने के साथ ही कैबिनेट फेरबदल की सियासत परवान चढ़ गई।

विज्ञापन


इस फेरबदल में कानून मंत्री सलमान खुर्शीद और वाणिज्य मंत्री आनंद शर्मा के बीच विदेश मंत्रालय के लिए रेस है। जबकि डी पुरंदेश्वरी खुद ही अपने कैबिनेट मंत्री के रूप में प्रमोशन के साथ वाणिज्य मंत्रालय मिलने का दावा कर चुकी हैं।
विज्ञापन


कैबिनेट में शामिल होने जा रहे नए चेहरों में तेलुगु सुपरस्टार चिरंजीवी, कांग्रेस प्रवक्ता मनीष तिवारी, शशि थरूर, पी बलराम नाईक, के. सुरेश, के. कृपारानी, सर्वे सत्यनारायण, तारिक अनवर, हरीश चौधरी, इरींग निनांग, दीपा दासमुंशी, अबू हसन खान चौधरी आदि का नाम तय हो गया है। प्रदीप मांझी भी नए चेहरों में शामिल हो सकते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

इसी तरह स्वतंत्र प्रभार के राज्यमंत्रियों दिनशा पटेल और अजय माकन को कैबिनेट दर्जा दिए जाने के पुख्ता आसार हैं। कृषि राज्यमंत्री हरीश रावत, ज्योतिरादित्य सिंधिया और सचिन पायलट का भी प्रमोशन तय माना जा रहा है।

इसके अलावा कई मंत्रियों के विभागों में भी फेरबदल हो रहा है। कमलनाथ को शहरी विकास के साथ संसदीय कार्य मंत्रालय का प्रभार दिया जा सकता है तो पवन बंसल को रेल मंत्रालय का जिम्मा सौंपा जा सकता है। बिजली और कारपोरेट मामलों के मंत्री वीरप्पा मोइली को पेट्रोलियम मंत्रालय तो जयपाल रेड्डी को मानव संसाधन विकास महकमा या विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग दिए जाने के संकेत हैं।

विदेश मंत्री पद की दौड़ में वैसे कपिल सिब्बल भी माने जा रहे थे मगर पुरंदेश्वरी ने जिस तरह प्रमोशन का खुलासा कर दिया उसके बाद आनंद शर्मा की राह साफ दिखाई दे रही है। खुर्शीद अगर विदेश मंत्रालय में जाते हैं तो राज्य मंत्री अश्विनी कुमार को कैबिनेट दर्जा देकर नया कानून मंत्री बनाया जा सकता है।

कैबिनेट दर्जे के साथ अजय माकन नए सूचना प्रसारण मंत्री हो सकते हैं। पल्लमराजू भी स्वतंत्र प्रभार के साथ मानव संसाधन विकास मंत्रालय की होड़ में हैं। वहीं, दिनशा पटेल भी कैबिनेट दर्जे के साथ खान मंत्रालय में बरकरार रखे जा सकते हैं।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पद की दौड़ से बाहर किए जाने के बाद हरीश रावत का प्रमोशन के साथ मंत्रालय बदलना भी तय है। सिंधिया, पायलट और भरत सोलंकी को भी राज्यमंत्री से प्रमोशन देकर स्वतंत्र प्रभार का मंत्री बनाया जा सकता है। सिंधिया को कारपोरेट अफेयर्स में तो पायलट को युवा और खेल मंत्रालय सौंपे जाने के आसार हैं। सूचना प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री मिलिंद देवड़ा को भी स्वतंत्र प्रभार के साथ नए महकमे में भेजा जा सकता है।

नए चेहरे चिरंजीवी को स्वतंत्र प्रभार का मंत्री बनाए जाने के संकेत हैं। जबकि अगाथा संगमा की जगह एनसीपी कोटे से आ रहे तारिक अनवर कृषि राज्यमंत्री बनाए जा सकते हैं। मनीष तिवारी स्वतंत्र प्रभार के साथ सूचना प्रसारण हो सकते हैं। के. रहमान खान अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री, शशि थरूर मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री और दीपादास मुंशी को संस्कृति राज्य मंत्री बनाया जा सकता है। राजीव शुक्ला को संसदीय कार्य के साथ योजना विभाग का जिम्मा भी दिया जा सकता है।

‘मिनी कामराज प्लान’ तो नहीं है यह?
नई दिल्ली। छवि चमकाने के लिए मनमोहन सिंह मंत्रिमंडल का यह फेरबदल जानकारों को कांग्रेस के ‘कामराज प्लान’ की याद दिला रहा है। जब चीन से युद्ध (1962) में पराजय के बाद प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का प्रभामंडल चमक खोने लगा था। तब तमिलनाडु के तत्कालीन मुख्यमंत्री के.कामराज ने ग्रासरूट स्तर पर कांग्रेस को मजबूत करने के लिए वरिष्ठ नेताओं के मंत्रिमंडल से इस्तीफे का आइडिया दिया। उन्होंने कहा कि इन मंत्रियों को जनता के बीच जाकर पार्टी को मजबूत बनाना चाहिए। नेहरूजी को योजना पसंद आई और इस पर 1963 में अमल हुआ। लाल बहादुर शास्त्री, जगजीवन राम, मोरारजी देसाई, बीजू पटनायक और एसके पाटिल समेत छह केंद्रीय मंत्रियों तथा छह राज्यों के कांग्रेसी मुख्यमंत्रियों ने इस्तीफे दे दिए। कांग्रेस को आने वाले वर्षों में इस योजना का लाभ मिला।

मंत्री नहीं बनाने से नाराज सांसद का इस्तीफा
आंध्र प्रदेश से कांग्रेस सांसद कावुरी संवाशिव राव ने कैबिनेट में प्रस्तावित फेरबदल में उन्हें शामिल न किए जाने के पार्टी आलाकमान के फैसले के मद्देनजर लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने का फैसला किया है। सूत्रों के मुताबिक राव ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार को इस्तीफा भेज दिया है। पार्टी उन्हें इस्तीफा वापस लेने के लिए मनाने का प्रयास कर रही है।

पुरंदेश्वरी को मिलेगा वाणिज्य मंत्रालय
केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री डी पुरंदेश्वरी ने शनिवार को बताया कि रविवार को होने वाले मंत्रिमंडल फेरबदल में उन्हें कैबिनेट दर्जा दिया जाएगा। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने आज सुबह फोन करके उन्हें इसकी जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि सूचना मिली है कि उन्हें वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय दिया जा रहा है। पुरंदेश्वरी ने प्रमोशन पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह सब ईश्वर की कृपा से हुआ है।


इनको मिल सकता है प्रमोशन
हरीश रावत, अजय माकन, ज्योतिरादित्य सिंधिया, सचिन पायलट, डी पुरंदेश्वरी, दिनशा पटेल, मिलिंद देवड़ा

ये हो सकते हैं नए चेहरे
तेलुगु सुपर स्टार चिरंजीवी, मनीष तिवारी, शशि थरूर, पी बलराम नाईक, के सुरेश, के कृपारानी, सर्वे सत्यनारायण, तारिक अनवर, हरीश चौधरी, इरींग निनांग, दीपा दासमुंशी, अबू हसन खान चौधरी, प्रदीप मांझी

इनके विभागों में फेरबदल संभव
कमलनाथ : संसदीय कार्य मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार
पवन बंसल : रेल या सड़क परिवहन में से किसी एक मंत्रालय का जिम्मा
गुलाम नबी आजाद :पेट्रोलियम मंत्रालय
जयपाल रेड्डी : मानव संसाधन विकास मंत्रालय
अजय माकन : नए सूचना प्रसारण मंत्री
ज्योतिरादित्य सिंधिया : वन और पर्यावरण या कारपोरेट अफेयर्स में से एक
सचिन पायलट :युवा और खेल मंत्रालय
जयंती नटराजन : स्वास्थ्य मंत्रालय

किस-किस ने दिया इस्तीफा
मुकुल वासनिक, सामाजिक न्याय मंत्री
अंबिका सोनी, सूचना एवं प्रसारण मंत्री
सुबोध कांत सहाय, पर्यटन मंत्री
महादेव खंडेला, आदिवासी मामलों के मंत्री
अगाथा संगमा, ग्रामीण विकास राज्य मंत्री  
विंसेंट पाला, जल संसाधन राज्य मंत्री
--एसएम कृष्णा विदेश मंत्रालय से शुक्रवार को ही दे चुके हैं इस्तीफा

--11:30 बजे राष्ट्रपति भवन में नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण
--एनसीपी से तारिक अनवर लेंगे शपथ
--अंबिका, मुकुल और सहाय समेत सात मंत्रियों का इस्तीफा मंजूर
--विदेश मंत्री पद की दौड़ में सलमान खुर्शीद और आनंद शर्मा

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed