{"_id":"fcd622cc-3006-11e2-9941-d4ae52bc57c2","slug":"manmohan-singh-will-not-visit-pakistan","type":"story","status":"publish","title_hn":"पाकिस्तान दौरे पर नहीं जाएंगे प्रधानमंत्री","category":{"title":"India News Archives","title_hn":"इंडिया न्यूज़ आर्काइव","slug":"india-news-archives"}}
पाकिस्तान दौरे पर नहीं जाएंगे प्रधानमंत्री
नई दिल्ली/ब्यूरो
Updated Fri, 16 Nov 2012 09:32 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारत पाकिस्तान के रिश्तों की पिघल रही बर्फ के बावजूद प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह फिलहाल पाकिस्तान के दौरे पर नहीं जाएंगे। इसकी वजह पाकिस्तान का मुंबई आतंकी हमले के गुनहगारों पर कार्रवाई के मामले में अब तक भारत की उम्मीदों को पूरा नहीं कर पाना है।
विज्ञापन
इतना ही नहीं प्रधानमंत्री की इसलामाबाद यात्रा के लिए कुछ ठोस सकारात्मक कदम उठाने के मनमोहन सिंह से किए वादे पर भी पड़ोसी मुल्क आगे नहीं बढ़ा है। सरकार की ओर से साफ संकेत दिया गया है कि पाकिस्तान 26/11 जैसी घटना भविष्य में नहीं दोहराए जाने जैसा कोई ठोस वादा नहीं करता तब तक पीएम की इसलामाबाद यात्रा की संभावना नहीं है।
विज्ञापन
विदेश मंत्रालय के उच्चपदस्थ सूत्रों ने साफ कहा कि प्रधानमंत्री के इसलामाबाद दौरे को लेकर पाक सरकार की ओर से लगातार जाहिर की जा रही उत्सुकता के बावजूद इसकी फिलहाल कोई सूरत नजर नहीं आ रही। मुंबई हमले के मामले में कार्रवाई समेत भारत की कुछ अपेक्षाएं अभी पाकिस्तान ने पूरी नहीं की हैं।
विज्ञापन
सूत्र ने कहा कि हम यह कतई नहीं भूल सकते कि मुंबई आतंकी हमले में 166 निर्दोष लोग मारे गए थे। इतना ही नहीं हमारी देश की जनता के प्रति जवाबदेही भी है। इसलिए जब तक भारत के पास पाकिस्तान से इस तरह का कोई ठोस भरोसा नहीं मिलता कि भविष्य में मुंबई जैसा हमला नहीं दोहराया जाएगा तब तक देश के शिखर नेतृत्व की यात्रा की राह नहीं दिखाई देती।
सूत्रों का यह भी कहना था कि चूंकि पाकिस्तान में अगले साल के शुरू में ही चुनाव होने हैं और अभी तक कोई ठोस प्रस्ताव नहीं आया है। इसलिए कैलेंडर के हिसाब से भी प्रधानमंत्री के पाक जाने की सूरत नहीं बन रही।
हालांकि शीर्ष सूत्रों ने यह भी माना कि रिश्तों की खाई पाटने के लिए पाकिस्तान की ओर से कुछ सकारात्मक संकेत जरूर हैं और कुछ पहल भी हो रही है।
पाकिस्तान की सियासत और जनता में भी मनमोहन सिंह के वहां आने को लेकर काफी रोमांच है। मगर पीएम की यात्रा के लिए यही काफी नहीं है। प्रधानमंत्री ने अगस्त में तेहरान में नाम सम्मेलन के इतर जरदारी से हुई मुलाकात में 26/11 के गुनहगारों के खिलाफ कार्रवाई से भारत का भरोसा बढ़ने की बात कहते हुए उन्हें इसकी याद भी दिलाई थी।