मथुराः कचहरी में आत्मदाह करने वाले युवक की मौत
मथुरा कलेक्ट्रेट परिसर में आत्मदाह करने वाले अजय गुप्ता की मंगलवार को मौत हो गई। सपा नेता की ठगी के शिकार अजय गुप्ता ने मामले में जिलाधिकारी की ओर से कार्रवाई नहीं किए जाने से निराश होकर सोमवार को कलक्ट्रेट में मिट्टी का तेल छिड़ककर खुद को आग के हवाले कर दिया।
90 फीसदी झुलसी हालत में उसे आगरा के एसएन मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया था। हालांकि उन्हें बचाया नहीं जा सका और मंगलवार को उनकी मौत हो गई। अजय गुप्ता ने आगरा के एक सपा नेता पर उनके पैसे हड़पने का आरोप लगाया था।
ठगी के शिकार अजय गुप्ता सोमवार को डीएम आफिस पहुंचे थे। जहां डीएम राजेश कुमार से मुलाकात न हो पाने के कारण दोपहर में तकरीबन 12:30 बजे उन्होंने खुद को आग लगा ली।
सपा नेता के खिलाफ दर्ज होगी रिपोर्ट
झुलसी हालत में अजय को इलाज के लिए स्वर्ण जयंती अस्पताल ले जाया गया। हालांकि हालत गंभीर होने पर आगरा रेफर कर दिया।
अस्पताल ले जाते वक्त अजय ने बताया कि आगरा के सपा नेता राजेश चौहान ने बरेली बिछरईया थाना बल्लिया निवासी तेज सिंह चौहान के साथ मिलकर उनके 14 लाख रुपये हड़प लिए हैं। यह राशि वे बरेली में अपना मकान बेचकर लाए थे।
अजय ने आरोप लगया कि दोनों लोगों ने उन्हें कई माह तक बंधक बनाकर पीटा। अजय ने मथुरा के डीएम सहित अनेक अफसरों को कार्रवाई के लिए कई बार लिखा लेकिन किसी ने मदद नहीं की। इस पर उन्होंने आत्मघाती कदम उठा लिया।
मंगलवार को पुलिस ने कहा कि राजेश चौहान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।