पूरी हुई मोदी के भक्त की प्रतिज्ञा, दो साल से था नंगे पैर
2014 के लोकसभा चुनावों के दौरान नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने तक पैरों में जूते-चप्पल ना पहनने की प्रतिज्ञा करने वाले राजस्थान के बलवंत कुमावत की मुलाकात आखिरकार पीएम से हो ही गई।
शुक्रवार को पीएम ने भीलवाड़ा के रहने वाले बलवंत को चप्पलें भेंट कर उनकी प्रतिज्ञा तुड़वाई और अपनी ऊर्जा देशहित के कार्यों में लगाने की सलाह भी दी। साथ ही मोदी ने उनसे कहा कि ऐसी कोई प्रतिज्ञा ना करें, जिससे शारीरिक कष्ट हो।
पिछले दो साल से नंगे पैर थे बलवंत
बलवंत कुमावत ने दो साल पहले प्रतिज्ञा की थी कि जब तक नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री नहीं बन जाएंगे और मोदी से उनकी मुलाकात नहीं हो जाएगी तब तक वह अपने पैरों में जूते-चप्पल नहीं पहनेंगे। बलवंत पिछले दो साल से नंगे पैर ही घूम रहे थे। बलवंत ने लोकसभा चुनाव के दौरान मोदी के लिए घूम-घूमकर प्रचार भी किया था।
शुक्रवार को एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जयपुर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जब बलवंत की प्रतिज्ञा के बारे में पता चला तो उन्होंने उन्हें मिलने के लिए अंदर बुलाया। पीएम से मिलकर बलवंत काफी खुश हुए और पीएम की दी हुई चप्पलें पहनकर अपनी प्रतिज्ञा तोड़ दी।