सोनिया-राहुल की खातिर शख्स ने मंदिर में चढ़ाई उंगली
कर्नाटक के एक शख्स ने दावा किया है कि उसने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी को नेशनल हेराल्ड केस में जमानत दिए जाने के बाद 'आभार स्वरूप' अपनी उंगली तिरुपति मंदिर में चढ़ा दी। दोनों नेताओं को पिछले महीने 19 दिसंबर को दिल्ली की निचली अदालत ने जमानत दी थी।
सुरेश ने बताया कि वह 25 दिसंबर को तिरुपति में था। उसने वहीं पर अपनी उंगलिया काटी और मंदिर के दान पात्र में डाल दिया। सुरेश ने दावा किया कि ये बात कर्नाटक के राज्य आवास मंत्री एमएच अंबरीश को पता चली, जिसके बाद उन्होंने शनिवार को उसे अपने घर बुलाया।
एमएच अंबरीश ने सुरेश को 'कांग्रेस एकलव्य की उपाधि दी। तिरुपति मंदिर आंध्र प्रदेश में है और दुनिया भर में प्रसिद्घ है।
सुब्रह्मण्यम स्वामी ने किया है सोनिया-राहुल पर मुकदमा
सुरेश ने बताया कि तिरुपति मंदिर में अपनी उंगली चढ़ाने के बाद उसने मंदिर के पास के ही एक अस्पताल में उपचार कराया।
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी, मोतीलाल वोरा, सुमन दुबे, ऑस्कर फर्नांडिस और सैम पित्रोदा के खिलाफ भाजपा नेता सुब्रह्मण्यम स्वामी ने फर्जी तरीके से नेशनल हेराल्ड की संपत्तियों का मालिकाना हासिल करने का आरोप लगाया।
दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने उन्हें मामले में पेश होने के आदेश दिया था। हालांकि उन्होंने पेशी से छूटी मांगी, जिससे हाईकोर्ट ने इनकार कर दिया। 19 नवंबर को सभी नेता निचली अदालत में पेश हुए्, जहां उन्हें जमानत दे दी गई।