बिजली चोरी में अखिलेश-मुलायम के गढ़ अव्वल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश में सत्ता पर काबिज समाजवादी पार्टी के गढ़ चोरी की बिजली से रोशन हैं। सपा समर्थक माने जाने वाले जिलों में मैनपुरी बिजली चोरी में अव्वल है तो कन्नौज दूसरे, इटावा तीसरे और फीरोजाबाद चौथे स्थान पर है। यहां बिजली का स्विच सत्ता के हाथों में तो है ही, बिजली चोरी पर भी खुली छूट है। सपा मुखिया के गृह क्षेत्र इटावा का वितरण खंड-2 पूरे दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम (डीवीवीएनएल) क्षेत्र में सबसे ज्यादा 58 प्रतिशत तक बिजली चोरी कर रहा है।
12 जनवरी से पूरे प्रदेश में बिजली चोरी रोकने का अभियान चलने वाला है, लेकिन प्रशासन, पुलिस के साथ विद्युत विभाग के अफसरों को बिजली चोरी रोकने में सबसे ज्यादा मुश्किलें सत्ताधारी समाजवादी पार्टी के गढ़ माने जाने वाले क्षेत्रों में आएंगी, जहां पूरे डीवीवीएनएल क्षेत्र में सबसे ज्यादा चोरी हो रही है। विद्युत विभाग के इंजीनियरों के मुताबिक लाइन लॉस महज 5-7 फीसदी तक नेटवर्क के कारण होता है। बाकी पूरा आंकड़ा बिजली चोरी का है।
मैनपुरी, कन्नौज, फीरोजाबाद में सपा मुखिया के परिवार के सदस्य सांसद हैं तो इटावा सपा मुखिया का गृह जनपद। डीवीवीएनएल के तहत 21 जिलों में सपा से जुड़े जिले ही चोरी में सबसे आगे हैं। यही नहीं, इन जिलों में बिजली की आपूर्ति भी अन्य जिलों के मुकाबले ज्यादा है। दक्षिणांचल क्षेत्र में आगरा के बाद दूसरे नंबर पर सबसे ज्यादा बिजली इटावा को दी गई, जबकि बिल सबसे कम वसूला जा सका। इटावा को 945 मिलियन यूनिट तो फीरोजाबाद को 814 और मैनपुरी को 743 मिलियन यूनिट दी गई।
इटावा डिवीजन-2 में सबसे ज्यादा चोरी
यहां साल 2014 में कुल 380 मिलियन यूनिट बिजली दी गई, जबकि बिल महज 160 मिलियन यूनिट का ही वसूला जा सका। साल 2013 में तो हालात और खराब थे। तब लाइन लॉस 65.5 फीसदी था और 363 मिलियन यूनिट में से केवल 125 मिलियन यूनिट का ही भुगतान मिला।
डीवीवीएनएल एमडी प्रभु नारायण सिंह ने बताया कि अभियान में बिजली चोरी पर जीरो टालरेंस की नीति रहेगी। सबसे ज्यादा लाइन लॉस वाले फीडरों को चिह्नित करके पहले चेतावनी दी जाएगी। कनेक्शन न लेने पर चोरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएंगे।