महाराष्ट्र के सीएम पृथ्वीराज चव्हाण ने दिया इस्तीफा
एनसीपी के समर्थन वापस लेने के बाद अल्पमत में आई महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने शुक्रवार को राज्यपाल सी. विद्यासागर को अपना इस्तीफा सौंप दिया। राज्यपाल ने इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।
साथ ही उन्होंने चव्हाण को नई सरकार के गठन तक कार्यवाहक मुख्यमंत्री के तौर पर पद पर बने रहने को कहा है। इससे तय हो गया है कि राज्य में राष्ट्रपति शासन नहीं लगेगा।
हालांकि बृहस्पतिवार को एनसीपी के समर्थन वापस लेने के बाद विपक्ष के नेता एकनाथ खड़से ने शुक्रवार को राज्यपाल से मुलाकात कर राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की थी।
राज्यपाल को सौंपा इस्तीफा
विधि विशेषज्ञों की माने तो महाराष्ट्र में राष्ट्रपति शासन लागू करना इतना सरल नहीं है। एक तो आचार संहिता लागू है और दूसरा सर्वोच्च न्यायालय के अनुसार यदि राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू करना है तो उसकी ठोस वजह होनी चाहिए।
राज्यपाल की सिफारिश पर केंद्रीय मंत्रिमंडल उसे मंजूर करता है। केंद्रीय मंत्रिमंडल के फैसले के बाद राष्ट्रपति की सहमति लेनी पड़ती है। इस पूरी प्रक्रिया में 15 दिन का समय लगता है। इतने समय में तो महाराष्ट्र चुनाव नतीजे ही आ जाएंगे।