सड़क दुर्घटना में बच्ची की मौत पर हेमा से मांगे 20 लाख
सांसद और अभिनेत्री हेमा मालिनी की गाड़ी से राजस्थान में सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाली बच्ची के लिए 20 लाख रुपये के मुआवजे की मांग की गई है। यह मांग दौसा के खंडेलवाल समाज ने की है।
इस संबंध में खंडेलवाल समाज ने हेमा मालिनी को पत्र भेजा है। साथ ही कलेक्टर को ज्ञापन भी सौंपा गया है।
खंडेलवाल समाज का कहना है कि हेमा मालिनी की कार से हुई दुर्घटना में डेढ़ साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई और बच्ची के पिता हनुमान खंडेलवाल समेत पूरा परिवार घायल हो गया। इसके चलते परिवार टूट गया है।
हेमा ने हादसे का कारण बच्ची के पिता को ठहराया
गौरतलब है कि हेमा की कार दौसा के पास जयपुर-आगरा हाईवे पर दो जुलाई को यू- टर्न लेने के दौरान ऑल्टो कार से टकरा गई थी। इसके बाद हेमा को तो जयपुर के फोर्टिस अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया,लेकिन बच्ची को वहीं छोड़ दिया गया जिसके कारण उसकी मौत हो गयी।
इस खबर को सुनने के बाद हेमा ने कहा, ‘यह बहुत दुखद है और इससे वह काफी व्यथित हैं।’ ‘बच्ची की मौत के बाद उसका परिवार किस कठिन दौर से गुजर रहा होगा, इसे मैं महसूस कर सकती ।
मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि वह उन्हें इस गम से उबरने की शक्ति प्रदान करे।’हालांकि ठीक होकर मुंबई पहुंचने पर वह अपने बयान से पलटीं और दुर्घटना की सारी जिम्मेदारी बच्ची के पिता पर डाल दी।