यूपी: गुणवत्ता में पास हुई मैगी पर लेबलिंग में फेल
लखनऊ प्रयोगशाला से जारी रिपोर्ट में मैगी क्वालिटी में तो पास हो गई है लेकिन लेबलिंग में फेल हो गई।
पाउच पर जो शर्तें लिखी जानी चाहिए थीं उनका उल्लेख नहीं था। रिपोर्ट जारी होने के बाद अब संबंधित दुकानदार को नोटिस जारी किया जा रहा है।
मैगी की गुणवत्ता को लेकर देश भर में हल्ला मचा था। शासन ने भी खाद्य विभाग की टीम को चेकिंग के आदेश दिए।
मुरादाबाद में भी जुलाई और अगस्त माह में सैंपल भरे गए थे। यहां से बीस से भी ज्यादा नमूने मैगी के लिए गए। सभी सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला को भेजे गए। अब लखनऊ प्रयोगशाला से मैगी के दो सैंपल की रिपोर्ट जिला प्रशासन को मिली है।
संबंधित दुकानदार को जारी किया नोटिस
खाद्य अधिकारी उमेश प्रताप ने बताया कि जो दो रिपोर्ट आई हैं उनमें केवल लेबलिंग की गड़बड़ी मिली है। क्वालिटी में किसी प्रकार की खराबी नहीं है। यानी पाउच पर जिन नियम और शर्तों का उल्लेख होना चाहिए था वह नहीं था।
अब जिस दुकान से मैगी का सैंपल लिया गया था उसे नोटिस जारी किया जा रहा है। बाद में एडीएम सिटी कोर्ट में वाद दायर कराया जाएगा।
मिठाइयों में भी बड़ा ‘खेल’
मुरादाबाद। मिठाइयों में भी बड़ा ‘खेल’ हो रहा है। बर्फी और रसगुल्ला के सैंपल भी फेल हो चुके हैं। दूध के सबसे ज्यादा नमूने गुणवत्ता के पैमाने पर धड़ाम हुए हैं। दूध में पानी की मिलावट तो आ ही रही है कि मिल्क पाउडर का मिश्रण भी पाया जा रहा है। पिछले सात महीनों में दूध के सोलह नमूने फेल हो चुके हैं। इन सभी मामलों में एडीएम कोर्ट में वाद दायर कराया जा चुका है।