खुशखबरी: पोस्ट ऑफिस में मिलेगा सस्ता मोबाइल
देश के कोने-कोने में चिट्ठी-पत्री भेजने वाला डाक विभाग बाजार की जरूरतों के साथ कदमताल करते हुए अब अटक से कटक और कश्मीर से कन्याकुमारी तक इंटरनेट सुविधा भी उपलब्ध कराएगा। जी हां, डाक विभाग अब लोगों को सस्ता मोबाइल भी बेचने जा रहा है।
पेंटल टेक्निकल प्रा. लि. और बीएसएनएल के साथ करार करने वाला डाक विभाग जावा ऑपरेटिंग सिस्टम से लैस पेंटा भारत पीएफ 301 फोन बेचेगा।
इस फोन पर न केवल इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध होगी बल्कि मोबाइल बैंकिंग एप्लीकेशन (ई बैंकिंग) और टेली मेडिकल डिलीवरी (वीडियो फिल्म, टेक्स्ट, ऑडियो से स्वास्थ्य सलाह) की सुविधा भी उपलब्ध होगी।
फोन की कीमत 1999
2.8 इंच टीएफटी एलसीडी स्क्रीन और जावा ऑपरेटिंग सिस्टम वाले इस फोन की कीमत 1999 रुपये रखी गई है। सुदूर क्षेत्रों में भी नेटवर्क की उपलब्धता हो इसके लिए बीएसएनएल के साथ करार किया गया है।
साथ ही बीएसएनएल से बीएसएनएल लोकल नेटवर्क पर 1999 मिनट फ्री टॉक टाइम भी मिलेगा। इस फोन की वारंटी 12 महीने होगी। डाक विभाग पूरे देश में यह मोबाइल बेचेगा। इस संबंध में डाक विभाग ने सभी जिलों को पत्र भेज दिया है। बरेली में भी इस संबंध में पत्र आ गया है।
बरेली के प्रवर अधीक्षक डाकघर अशोक सक्सेना ने बताया कि पेंटल टेक्नालॉजी प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से भारतीय डाक विभाग सभी जिलों में अपने पोस्ट आफिस से मोबाइल फोन बेचेगा। योजना के संबंध में पत्र आ गया है लेकिन बिक्री कब शुरू होगी अभी इसकी तिथि तय नहीं की गई है।