प्रेमिका ने दिया धरना तो प्रेमी ने अपनाया
प्रेमी की चौखट पर एक पखवाड़े तक धरना देने वाली युवती की आखिरकार जीत हुई। प्रेमी उसे अपनाने के लिए राजी हो गया है। पिछले शनिवार को धरने के दौरान ही युवती ने जहरीला पदार्थ खा लिया था।
उत्तरप्रदेश के सारनाथ क्षेत्र स्थित एक अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था। मंगलवार को अस्पताल पहुंचे प्रेमी ने न सिर्फ उसे अपनाने के लिए हामी भरी, बल्कि इलाज का खर्च भी चुकता किया।
चौबेपुर पुलिस ने भी इसकी पुष्टि की है।
चार साल तक चला था प्रेम प्रसंग
चौबेपुर क्षेत्र निवासी युवक का जौनपुर के बदलापुर की रहने वाली युवती से चार साल से प्रेम चल रहा था। युवक के ही गांव में युवती की ननिहाल होने के नाते अक्सर उनका मिलना-जुलना होता था। साल भर पहले युवती के पिता ने उसकी शादी कहीं और कर दी।
प्रेमी की खातिर युवती अपने पति को छोड़ मायके में रहने लगी। फिर पंचायत में दोनों ने आपसी रजामंदी से रिश्ता खत्म कर लिया। महीने भर पहले अपने प्रेमी से वाराणसी स्थित एक मंदिर में गुपचुप शादी रचा ली।
इसके बाद युवती जौनपुर स्थित मायके चली गई लेकिन कुछ ही दिनों बाद युवक शादी से मुकर गया। परेशान युवती पिछले दिनों प्रेमी के चौबेपुर क्षेत्र स्थित घर पहुंची और वहां धरने पर बैठ गई। फिर भी प्रेमी उसे अपनाने के लिए राजी नहीं हुआ तो पिछले शनिवार को उसने जहरीला पदार्थ खा लिया।
तब से सारनाथ क्षेत्र स्थित एक अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था। मंगलवार को प्रेमी अस्पताल पहुंचा। उसने प्रेमिका के इलाज में खर्च हुए 62 हजार रुपये चुकता किए। एसओ चौबेपुर शमशेर सिंह ने बताया कि युवक अपनी प्रेमिका को अपनाने के लिए तैयार हो गया है। दोनों के परिवारवाले आपस में मिल-बैठकर शादी की तारीख तय करेंगे।