काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस में यात्रियों से लूटपाट, हंगामा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वाराणसी से नई दिल्ली जाने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस ट्रेन के दो आरक्षित कोच में बुधवार रात तमंचे और चाकू से लैस छह बदमाशों ने लूटपाट की। तीन यात्रियों से 95 हजार रुपये और लैपटॉप लूट लिए। विरोध पर यात्रियों से हाथापाई की।
इसमें एक यात्री चोटिल हो गया। इसके बाद बदमाश चलती ट्रेन से कूदकर भाग गए। जीआरपी के न पहुंचने पर गुस्साए यात्रियों ने पांच बार चेन पुलिंग की और ट्रेन को तकरीबन 45 मिनट रोके रखा। इसके बाद आरपीएफ और जीआरपी के जवान पहुंचे। दो यात्रियों की तहरीर पर घटना की रिपोर्ट को चोरी में दर्ज कर ली।
बताते हैं कि काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 14257 रात ढाई बजे जब मुरादाबाद से चली तो वहीं से छह बदमाश चढ़ गए। ट्रेन के कैलसा रेलवे स्टेशन पार करने के बाद लुटेरे आरक्षित कोच एस-6 और एस-7 में पहुंचे।
शाहजहांपुर के पुवायां कस्बे के मोहल्ला कमलबाग निवासी राजीव अग्रवाल पुत्र ओमप्रकाश अग्रवाल की जेब में रखी अस्सी हजार रुपये की नगदी निकाल ली। राजीव अपनी बेटी को लेकर दिल्ली में एडमिशन कराने जा रहे थे, राजीव की आंख खुली तो उन्होंने एक बदमाश को पकड़ लिया।
साथी के पकड़े जाने पर हाथापाई
साथी के पकड़े जाने पर अन्य बदमाशों ने हाथापाई शुरू कर दी। इसमें राजीव अग्रवाल चोटिल हो गए। इसी बीच इलाहाबाद के थाना जगई बाजार के बरना इलाके के रहने वाले अभिषेक यादव पुत्र अमर बहादुर यादव का लैपटॉप का बैग छीन लिया और चाकू दिखाकर धमका दिया, जबकि एक अन्य यात्री से पंद्रह हजार रुपये लूट लिए।
बदमाश स्टेशन आने से कुछ पहले ही ट्रेन से कूदकर फरार हो गए। ट्रेन में हुई वारदात से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। ट्रेन अमरोहा रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो यात्रियों ने जीआरपी को सूचना दी, मगर जीआरपी चौकी पर किसी ने उनकी शिकायत पर ध्यान नहीं दिया। इतने में ट्रेन चल पड़ी, जबकि ट्रेन में टीटीई और जीआरपी सिपाहियों का दस्ता नहीं मिला तो यात्री भड़क गए।
पांच बार चेन पुलिंग की और ट्रेन को काफूरपुर स्टेशन पर रोक लिया। यहां हंगामा किया, सूचना पर आरपीएफ और जीआरपी पहुंची। यात्रियों को समझाया और अमरोहा लाया गया। इधर, ट्रेन को गंतव्य की ओर रवाना किया गया। दो यात्रियों राजीव अग्रवाल और अभिषेक की तहरीर पर पुलिस ने लूट की घटना को चोरी की रिपोर्ट दर्ज किया।
वीआईपी ट्रेन की सुरक्षा राम भरोसे
नई दिल्ली से वाराणसी तक जाने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस ट्रेन वीआईपी की श्रेणी में आती है। अधिकांश विदेशी पर्यटक दिल्ली से वाराणसी तक इसी में सफर करते हैं।
इसके बाद भी काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस में यात्रियों की सुरक्षा भगवान भरोसे है। सूत्रों के मुताबिक अधिकांशत: ट्रेन में चलने वाला जीआरपी का दस्ता ड्यूटी से गायब रहता है।
ट्रेन में दो यात्रियों का सामान चोरी हुआ है। जिसमें यात्रियों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
-सुरेंद्र सिंह, चौकी इंचार्ज जीआरपी